हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे दिन 25 हजार से ज्यादा नामांकन, कांगड़ा सबसे आगे

शिमला, 8 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई) के चुनावों को लेकर दूसरे दिन नामांकन प्रक्रिया में भारी उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार को राज्यभर में 25 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 मई को पंचायतों, ब्लॉक विकास समिति (बीडीसी) और जिला परिषद के विभिन्न पदों के लिए कुल 25,671 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
सबसे ज्यादा नामांकन कांगड़ा जिले में दर्ज किए गए, जहां 5,989 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। इसके बाद मंडी में 4,180 नामांकन हुए। शिमला में 2,675 और चंबा में 2,581 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
अन्य जिलों में ऊना में 1,941, सिरमौर में 1,797, हमीरपुर में 1,548, सोलन में 1,543, कुल्लू में 1,504 और बिलासपुर में 1,281 नामांकन दर्ज किए गए। वहीं जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में क्रमशः 423 और 209 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि उम्मीदवार 11 मई तक भी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई सुबह 10 बजे से संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है, जिसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
पंचायती राज चुनाव के लिए मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स के माध्यम से कराया जाएगा।
उधर, नगर परिषद रोहड़ू और नगर पंचायत नारकंडा के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच भी शुक्रवार को पूरी कर ली गई। आयोग के अनुसार रोहड़ू में 22 और नारकंडा में 16 नामांकन पत्र दाखिल हुए तथा किसी भी नामांकन पत्र को खारिज नहीं किया गया।
–आईएएनएस
एमएस/