ममता बनर्जी को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 8 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हलचल और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए और प्रायोजित हिंसा की राजनीति बंद होनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता सुशासन और सुरक्षा है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज महिला सुरक्षा के मामले में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। एनसीआरबी के हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए मौर्य ने कहा कि जो विपक्ष कभी उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता था, उसे अब प्रदेश की बदली तस्वीर स्वीकार करनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपराधियों में कानून का भय पैदा किया है और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने का काम किया है। पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में हिंसा और दंगों की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। अखिलेश यादव के पश्चिम बंगाल दौरे पर कटाक्ष करते हुए मौर्य ने कहा कि लगातार चुनावी हार से सपा प्रमुख बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अब अखिलेश यादव बंगाल जाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
मौर्य ने कहा कि विकास और सुरक्षा के जिस मॉडल पर उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों के आरोपों और गठबंधन की राजनीति से जनता का भरोसा डिगने वाला नहीं है।
— आईएएनएस
विकेटी/वीसी