मंगोलपुरी में चाकूबाजी और लूट की वारदात: दादा-पोता घायल, बदमाश फरार


नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के मंगोलपुरी में गुरुवार रात हुई चाकूबाजी और लूट की घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। आउटर दिल्ली के इस इलाके में बदमाशों ने एक परचून की दुकान को निशाना बनाया और चाकू के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में दुकान पर बैठे दादा-पोता घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, रात के समय पांच से अधिक बदमाश दोपहिया वाहनों पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे। आते ही उन्होंने हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दुकान पर मौजूद लोग घबरा गए। बदमाशों ने चाकू दिखाकर दुकान में रखी नकदी लूट ली और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागने की जल्दबाजी में आरोपी अपनी एक स्कूटी मौके पर ही छोड़ गए, जिसे अब पुलिस जांच का अहम सुराग मान रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की गई। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात पूरी योजना के तहत लूट के इरादे से की गई थी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

इसी बीच, ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर चाकू के बल पर चोरी और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रीत विहार थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पुलिस टीम जब पीएसके रोड के पास काला पार्क इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय पूरन के रूप में हुई है, जो चित्रा विहार झुग्गी इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने खर्च पूरे करने के लिए चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते आरोपी को पकड़ लिया गया, जिससे संभावित वारदात टल गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

–आईएएनएस

पीआईएम/एएस


Show More
Back to top button