मतगणना से एक दिन पहले अग्निमित्रा पॉल ने काली मंदिर में की पूजा, कहा-टीएमसी का होने वाला है अंत


कोलकाता, 3 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना से एक दिन पहले रविवार को भाजपा के कई नेता और उम्मीदवार मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना कर जीत के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं और राज्य में बड़े राजनीतिक बदलाव का दावा कर रहे हैं।

आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने बर्नपुर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने आईएएनएस से कहा, “आज पूजा करने का मुख्य कारण यह है कि हम जिस लड़ाई को लड़ रहे हैं, वह एक तरह से ‘धर्म युद्ध’ है। 34 साल के वामपंथी शासन और पिछले 15 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कथित अत्याचार का अंत अब होने वाला है। सत्य और धर्म की जीत होगी।”

उन्होंने आगे कहा कि इसी विश्वास के साथ वे मां काली का आशीर्वाद लेने आई हैं। अग्निमित्रा पॉल ने पश्चिम बंगाल के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र की ताकत को दिखाया है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “हम शांति चाहते हैं और किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे, क्योंकि भाजपा एक अलग सोच वाली पार्टी है।”

उन्होंने कहा, “हम कभी दूसरे धर्मों के मंच पर जाकर हिंदू धर्म के खिलाफ नहीं बोलते। हम सभी धर्मों (इस्लाम, सिख, बौद्ध, जैन और जोरोएस्ट्रियन) का सम्मान करते हैं। यही हमारी संस्कृति है। शायद ममता बनर्जी हिंदू परंपराओं को भूल गई हैं। एक हिंदू घर से निकलते समय पूजा करता है और अपने माता-पिता को भगवान मानता है।”

एग्जिट पोल पर ममता बनर्जी की टिप्पणी को लेकर अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “यह लोकतांत्रिक देश है और हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। कुछ ही घंटों में नतीजे साफ हो जाएंगे। जैसे सुनामी बड़ा बदलाव लाती है, वैसे ही कल के नतीजे पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन लाएंगे।”

वहीं, सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने भी मतगणना से पहले रथखोला स्थित मां मनस्कामना काली मंदिर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूजा की। उन्होंने कहा, “हम पश्चिम बंगाल की जनता के लिए मां महाकाली का आशीर्वाद लेने आए हैं। हमें उम्मीद है कि राज्य में एक नई सुबह होगी और लोगों की उम्मीदें पूरी होंगी।”

फाल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग द्वारा पुनर्मतदान के फैसले पर शंकर घोष ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह पहली बार है जब किसी पूरी विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान हो रहा है। इससे यह साफ हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस ने किस तरह अपना दबदबा बनाया हुआ था।”

पूर्व बर्धमान जिले के कटवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कृष्णा घोष ने भी मतगणना से पहले अपने गांव के गोपीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, “मैंने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत भी मंदिर से की थी और हमारे लिए हर काम की शुरुआत पूजा से होती है। मुझे पूरा विश्वास है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी।”

–आईएएनएस

वीकेयू/पीएम


Show More
Back to top button