ग्लोरी' के लिए पुलकित सम्राट ने 'असली चैंपियन' मैरी कॉम से ली प्रेरणा


मुंबई, 2 मई (आईएएनएस)। अभिनेता पुलकित सम्राट इन दिनों वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस सीरीज में वे एक बॉक्सर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि सीरीज में एक बॉक्सर के किरदार के लिए उन्होंने मैरी कॉम से प्रेरणा ली।

अभिनेता ने बताया कि असली ताकत मुश्किलों का सामना करने और विनम्रता बनाए रखने में होती है। उन्होंने मैरी कॉम का उदाहरण देते हुए कहा, “बॉक्सिंग की बात हो और मैरी कॉम का नाम न आए, ऐसा नहीं हो सकता। छह बार की वर्ल्ड चैंपियन होना कोई छोटी बात नहीं है। लोग सिर्फ क्वालिफाई करने के लिए अपनी पूरी जान लगा देत हैं और उन्होंने यह खिताब छह बार जीता है।”

पुलकित ने जोर देते हुए कहा कि सफलता के लिए कोई उम्र, लिंग या सामाजिक उम्मीदें कभी बाधा नहीं होतीं। पुलकित ने कहा, “मैरी कॉम ने अपनी काबिलियत के दम पर सभी को यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी सीमा आपको रोक नहीं सकती। एकमात्र रुकावट वो सीमाएं हैं जो आप खुद के लिए तय करते हैं।”

अभिनेता ने ‘अल्फा’ व्यक्तित्व की अवधारणा पर अपने विचार साझा किए। उनका मानना है कि वास्तविक ‘अल्फा’ वह नहीं जो अपना दबदबा बनाए, बल्कि वह है जो सहानुभूति रखते हुए सबको साथ लेकर चले और सबकी प्रगति का मार्ग प्रशस्त करे। उन्होंने कहा, ‘मेरे विचार में अल्फा होने का अर्थ सभी को साथ लेकर चलना है। आप दूसरों की सराहना करें, उन्हें धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यकता पड़ने पर झुकने का साहस रखें। यही गुण एक श्रेष्ठ व्यक्तित्व और सच्चे अल्फा की पहचान हैं।

हरियाणा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक स्पोर्ट्स-ड्रामा और क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ 1 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। यह सीरीज बॉक्सिंग की दुनिया में छिपे भ्रष्टाचार, पारिवारिक संघर्ष और बदले की कहानी दिखाती है। सीरीज में अभिनेता पुलकित सम्राट प्रोफेशनल बॉक्सर की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जो उनकी अब तक की रोमांटिक छवि से बिल्कुल अलग है।

करण अंशुमान द्वारा निर्देशित, इसमें दिव्येंदु शर्मा, पुलकित सम्राट, और सुविंदर विक्की प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button