आईपीएल 2026: आरआर नंबर 1 बनने का मौका चूकी, डीसी छठे स्थान पर, अंकतालिका में कौन सी टीम किस स्थान पर?

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 43वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच खेला गया। आरआर के पास इस मैच को जीतकर अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंचने का मौका था, लेकिन टीम इसमें नाकाम रही और एक बड़ा स्कोर बनाने के बाद भी हार गई।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 4 और यशस्वी जायसवाल के 6 रन पर आउट होने से आरआर को मजबूत शुरुआत नहीं मिल सकी, लेकिन कप्तान पराग के 50 गेंदों पर बनाए 90 रन, डोनोवन फरेरा के 14 गेंदों पर बनाए 47 रन और ध्रुव जुरेल के 32 गेंदों पर बनाए 42 रन की मदद से टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 225 का सम्मानित स्कोर बनाया था।
226 का लक्ष्य हासिल करने उतरी डीसी को सलामी बल्लेबाजों पाथुम निसांका और केएल राहुल ने मजबूत और विस्फोटक शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 110 रन की साझेदारी की। निसांका 33 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल ने 40 गेंदों पर 75, नितीश राणा ने 17 गेंदों पर 33, ट्रिस्टन स्टब्स ने 11 गेंदों पर नाबाद 18, और आशुतोष शर्मा ने 15 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए। डीसी ने 19.1 ओवर में 3 विकेट पर 226 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया।
आरआर-डीसी मैच के बाद अंकतालिका पर नजर डालें तो पंजाब किंग्स 8 मैचों से 13 अंक लेकर पहले स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 9 मैचों से 12 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। एसआरएच के 9 मैचों से 12 अंक लेकर तीसरे और राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों से 12 अंक लेकर चौथे स्थान पर है।
गुजरात टाइटंस 9 मैचों से 10 अंक लेकर पांचवें, डीसी 9 मैचों से 8 अंक लेकर छठे, चेन्नई सुपर किंग्स 8 मैचों से 6 अंक लेकर सातवें, कोलकाता नाइट राइडर्स 8 मैचों से 5 अंक लेकर आठवें, मुंबई इंडियंस 8 मैचों से 4 अंक लेकर नौवें और लखनऊ सुपर जायंट्स 8 मैचों से 4 अंक लेकर दसवें स्थान पर है।
समान अंकों के बावजूद कई टीमों की रैंकिंग में उनकी रन रेट की वजह से अंतर है।
डीसी के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के पास ऑरेंज कैप है। राहुल के 9 मैचों की 9 पारियों में 433 रन हैं। भुवनेश्वर कुमार 9 मैचों में 17 विकेट लेकर पर्पल कैप होल्डर हैं।
–आईएएनएस
पीएके