एसएसबी जॉब अलर्ट: जीडीएमओ सहित 35 पदों पर वैकेंसी, इंटरव्यू के जरिए होगी सीधी भर्ती


नई दिल्ली, 01 मई (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संविदा के आधार पर जीडीएमओ और अलग-अलग विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टर के कुल 35 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

एसएसबी ने जिन 35 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें चिकित्सा विशेषज्ञ के 3, सामान्य शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ के 3, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ के 2, नेत्र रोग विशेषज्ञ के 3, रेडियोलॉजिस्ट विशेषज्ञ के 2, पैथोलॉजिस्ट विशेषज्ञ के 1, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के एक और जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर (जीडीएमओ) के 20 पद शामिल हैं।

इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, चिकित्सा परीक्षण, और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी विशेषज्ञ डॉक्टर पद के लिए 85,000 रुपए और जीडीएमओ पद के लिए 75,000 रुपए प्रति माह होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार एमबीबीएस या संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 70 वर्ष तय की गई है। वहीं, वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन 25 मई को सुबह 10.00 बजे से ‘फ्रंटियर मुख्यालय एसएसबी, सिलीगुड़ी, पीओ- सुश्रता नगर, रानीडांगा’ पते पर, 28 मई को ‘फ्रंटियर मुख्यालय एसएसबी, गुवाहाटी, रिसर्च गेट, जया नगर, खानापारा’ पते पर, 1 जून को ‘फ्रंटियर मुख्यालय एसएसबी, लखनऊ, टीसी/35, संकल्प भवन, वी-2, विभूति खंड, गोमती नगर’ पते पर, और 4 जून को ‘फ्रंटियर मुख्यालय एसएसबी, पटना, तीसरी मंजिल, कर्पूरी ठाकुर सदन, दीघा-आशियाना रोड’ पते पर आयोजित किए जाएंगे।

ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ मांगे गए सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

–आईएएनएस

डीके/पीएम


Show More
Back to top button