आईपीएल 2026: 'लड़कों की शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी से खुश हूं,' आरआर पर जीत के बाद बोले डीसी के कप्तान अक्षर पटेल


जयपुर, 2 मई (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शुक्रवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 226 रन का लक्ष्य हासिल कर मैच 7 विकेट से जीता। आईपीएल के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए डीसी की यह सबसे बड़ी जीत थी। डीसी के कप्तान अक्षर पटेल जीत के बाद बेहद खुश नजर आए और टीम के खिलाड़ियों की प्रशंसा की।

मैच के बाद अक्षर पटेल ने कहा, “पिछले मैच के बाद भी, जब मैं इंटरव्यू दे रहा था, तो यही कह रहा था कि आपको हर दिन आना है और वही चीजें करते रहना है। आप हमेशा चीजों को बदल सकते हैं। लड़कों ने जिस तरह से खेला, उससे बहुत खुश हूं।”

इस मैच में डीसी ने मिचेल स्टार्क को प्लेइंग इलेवन में जगह दी थी। इस दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई ने 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। स्टार्क के प्रदर्शन पर पटेल ने कहा, “वह इस खेल के लेजेंड हैं। तीन महीने दूर रहने के बाद, वापस आकर इस तरह के विकेट पर ऐसा प्रदर्शन करना बताता है कि वह कितने बड़े खिलाड़ी हैं। बहुत खुश हूं कि स्टार्क वापस आ गए हैं और सबको दिखा रहे हैं कि वह इतने बेहतरीन गेंदबाज क्यों हैं।”

स्टार्क ने 4 ओवर में 40 रन देकर यशस्वी जायसवाल, कप्तान रियान पराग और अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को आउट किया।

अक्षर ने जीत का श्रेय टीम को देते हुए कहा, “लड़कों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी की, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। हम अपनी योजना को अच्छी तरह लागू कर पाए। इसी वजह से हमें परिणाम मिला।”

वैभव और यशस्वी का विकेट पावर प्ले में लेने की अहमियत पर अक्षर ने कहा, “एक कप्तान के तौर पर, आप इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकते। अगर आप विरोधी टीम के उन मुख्य बल्लेबाजों को आउट कर दें, जो पावरप्ले में खेल बदल सकते हैं। उस समय मुझसे ज्यादा खुश कोई नहीं होता।”

मैच पर नजर डालें तो आरआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 225 रन बनाए थे। डीसी ने 19.1 ओवर में 3 विकेट पर 226 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीता। डीसी के लिए 75 रन बनाने वाले केएल राहुल प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button