किश्तवाड़ में हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी, स्थानीय कारीगरों और महिलाओं के हुनर को मिला मंच

किश्तवाड़, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चौगान ग्राउंड में एक भव्य हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी में स्थानीय कारीगरों और महिलाओं द्वारा बनाए गए पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसे देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां पर तरह-तरह के स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें कश्मीरी और स्थानीय हस्तशिल्प की झलक साफ देखने को मिल रही है।
इस मौके पर भाजपा की जिला अध्यक्ष अंजलि सिंह चौहान ने भी प्रदर्शनी का दौरा किया और वहां लगाए गए स्टॉल्स को देखा। उन्होंने कहा कि यहां पर बहुत अच्छा काम किया गया है और जो हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट्स का सामान प्रदर्शित किया गया है, वह काफी सुंदर और आकर्षक है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद भी कुछ उत्पाद खरीदे हैं, जो उन्हें बहुत पसंद आए। उन्होंने यह भी कहा कि यहां मिलने वाले प्रोडक्ट्स की क्वालिटी काफी अच्छी है और दाम भी काफी किफायती रखे गए हैं।
उन्होंने खास तौर पर महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना की और कहा कि इन बहनों के पास बहुत ही शानदार हुनर है। चाहे कपड़ों की डिजाइनिंग हो या कढ़ाई का काम, हर चीज में बारीकी और सुंदरता देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जो पारंपरिक जरी और कढ़ाई का काम होता है, उसी स्तर की फिनिशिंग यहां के कारीगरों के काम में भी देखने को मिल रही है।
अंजलि सिंह चौहान ने यह भी कहा कि इस तरह के प्रदर्शनी से स्थानीय कारीगरों को एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिलता है, जिससे उनके काम को पहचान मिलती है और उनकी आमदनी बढ़ने की संभावना भी बनती है। उन्होंने इसके लिए प्रशासन का धन्यवाद किया और कहा कि यह एक बहुत अच्छा प्रयास है जिससे महिलाओं और कारीगरों को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और इसका असर जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसी योजनाएं महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत बनाएंगी।
–आईएएनएस
पीआईएम/वीसी