अमेलिया केर मार्च महीने के लिए आईसीसी की 'विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' चुनी गईं

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर अमेलिया केर को मार्च महीने के लिए आईसीसी का ‘विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया है। इस खिलाड़ी ने बीते महीने जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में बल्ले और गेंद, दोनों से रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया था।
मार्च 2026 में खेले गए चार वनडे मुकाबलों में अमेलिया ने 78.57 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए। इसके अलावा, 3.77 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट भी लिए। जब न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया, तो अमेलिया ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहीं। इस सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने 34 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे।
इस बीच 6 टी20 मुकाबलों में अमेलिया ने 158.62 के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए और छह विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने इस फॉर्मेट में लगातार 11 बार 30 या उससे ज्यादा रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। इस सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया की नंबर-1 ऑलराउंडर अमेलिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4-1 से टी20 सीरीज जीतने पर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया।
‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीतने के बाद केर ने कहा, “व्हाइट फर्न्स (न्यूजीलैंड महिला टीम) के लिए यह महीना बहुत खास रहा है। अपने देश की जीत में योगदान देना हमेशा अच्छा लगता है, लेकिन जिस तरह से पूरी टीम ने खेला, उनकी निस्वार्थ भावना और एक-दूसरे पर भरोसा, यही इस पिछले महीने मेरे लिए सबसे बड़ी बात रही है।”
जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ अमेलिया के हरफनमौला प्रदर्शन ने उन्हें तीसरी बार आईसीसी ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड की दौड़ में लाकर खड़ा किया था, जबकि बेथ ने भारत और वेस्टइंडीज के विरुद्ध लगातार अच्छी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। वहीं, अयाबोंगा ने न्यूजीलैंड में साउत अफ्रीका की टी20 सीरीज में सर्वाधिक विकेट लिए, और उसके बाद अपने पहले वनडे मैच में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
–आईएएनएस
आरएसजी