वर्ल्ड बॉक्सिंग कप स्टेज 2: भारतीय टीम में ज्योति और आकाश शामिल, प्रतियोगिता में उतरेंगे 20 मुक्केबाज


नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ने ‘वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2026 स्टेज 2’ के लिए ज्योति (48 किग्रा) और आकाश (75 किग्रा) को टीम में शामिल किया है। इन दोनों मुक्केबाजों के शामिल होने से, प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में मुक्केबाजों की संख्या 18 से बढ़कर 20 हो गई है, जिसमें 10 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। यह प्रतियोगिता चीन के गुइयांग में सोमवार से शुरू होगी।

ये दोनों बॉक्सर सरकार की तरफ स मंजूर की गई अंतिम टीम का हिस्सा नहीं थे। बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह ने दोनों मुक्केबाजों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाया, जिससे ज्योति और आकाश को चीन के गुइयांग में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप स्टेज 2 को भारतीय टीम में शामिल होने का मौका मिला।

ज्योति और आकाश गुइयांग के भारतीय टीम के साथ जुड़ने से उन्हें बेहतरीन इंटरनेशनल अनुभव मिलेगा और शीर्ष स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही इंटरनेशनल सर्किट पर जरूरी रैंकिंग प्वाइंट्स भी हासिल होंगे।

बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी एथलीट्स के प्रति है। इंटरनेशनल मुकाबले एक बॉक्सर के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक काबिल एथलीट को दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलना चाहिए। ज्योति और आकाश ने यह मौका पाने के लिए कड़ी मेहनत की है। यह जरूरी है कि वे मुकाबला कर सकें, टॉप इंटरनेशनल खिलाड़ियों के खिलाफ बेहतरीन अनुभव हासिल कर सकें और सबसे ऊंचे स्तर पर अपना विकास कर सकें।”

वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2026 (स्टेज 2) के लिए भारतीय टीम:

महिला टीम: ज्योति (48 किग्रा), मीनाक्षी (51 किग्रा), पूनम (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), माही लामा (60 किग्रा), स्नेह (65 किग्रा), गितिमोनी जी. (70 किग्रा), सनमाचा सी. (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा और अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान (80+ किग्रा)।

पुरुष टीम: ऋषि एस. (50 किग्रा), निखिल (55 किग्रा), अनमोल (60 किग्रा), अविनाश जमवाल (65 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), आकाश (75 किग्रा), मालसावम्टलुंगा (80 किग्रा), जुगनू (85 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा) और सावन जी. (90+ किग्रा)।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button