महिला टी20 विश्व कप: 'हमें फिर से इकट्ठा होने और साथ रहने की जरूरत', स्कॉटलैंड से हार के बाद बोलीं आयरलैंड की कप्तान लुईस

मैनचेस्टर, 13 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में आयरलैंड को स्कॉटलैंड के खिलाफ 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद आयरलैंड की कप्तान ने टीम के खिलाड़ियों को हताश होने की जगह इकट्ठा होने की सलाह दी है।
मैच के बाद लुईस ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारी शुरुआत अच्छी थी। बीच का समय हाथ से निकल गया। स्कॉटलैंड ने बहुत अच्छा खेला।”
आयरलैंड की कप्तान ने स्कॉटलैंड की पारी के दौरान फेंके गए आखिरी 4 ओवरों को अपनी टीम के लिए सकारात्मक बताया।
उन्होंने कहा, “यह बताना मुश्किल है कि मिड-इनिंग्स में, हमने गेंद के साथ शानदार फिनिश किया। आखिरी चार ओवरों में हमने सिर्फ 19 रन दिए और 3 विकेट हासिल किए, जो शानदार है। शुरुआत में मोमेंटम हमारे साथ था। मुझे लगता है, अगर हमारा पावर-प्ले बेहतर होता, तो परिणाम कुछ और हो सकता था। हम अगले मैच में सुधार करने की कोशिश करेंगे।”
लुईस ने कहा, “यह एक लंबा टूर्नामेंट है। हमारे पास अभी चार और मैच हैं। अभी भी ऐसी टीमें हैं जिनके खिलाफ हमें लगता है कि हम सच में मुकाबला कर सकते हैं और उन्हें हरा सकते हैं। मैं बस इतना ही कह सकती हूं कि बस डटे रहना है और फिर से इकट्ठा होना है।”
मैच की बात करें तो आयरलैंड को जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य मिला था। आयरलैंड 19.1 ओवर में 120 रन पर सिमट गई और 41 रन से मैच हार गई। आयरलैंड की तरफ से विकेटकीपर एमी हंटर ने 36 गेंदों पर सर्वाधिक 39 रन की पारी खेली। इसके अलावा, ओर्ला प्रेंडरगैस्ट ने 33 रन बनाए।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 5 विकेट पर 161 रन बनाए थे। स्कॉटलैंड की पारी में ब्राइस बहनों का अहम योगदान रहा था। कप्तान कैथरीन ब्राइस ने 39 गेंदों पर 1 छक्का और 6 चौके की मदद से 60 रन की पारी खेली, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज सारा ब्राइस ने 35 गेंदों पर 49 रन की पारी खेली थी। सारा ने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का लगाया था। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए बेहद अहम 106 रन की साझेदारी हुई थी। इसके अलावा सलामी बल्लेबाजों डार्सी कार्टर ने 14 और कैथरीन फ्रेजर ने 15 रन बनाए थे।
–आईएएनएस
पीएके