महिला टेस्ट मैच: क्रांति गौड़ ने पहले लॉर्ड्स के 'ऑनर्स बोर्ड' पर दर्ज किया नाम, फिर 'प्लेयर ऑफ द मैच' खिताब भी जीता

लंदन, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने इंग्लैंड के विरुद्ध लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए महिला टेस्ट इतिहास के पहले मैच को 270 रन से अपने नाम किया। इस मुकाबले में कुल 7 विकेट हासिल करने वालीं तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जिन्होंने पहली पारी में 5 विकेट लेकर ‘ऑनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज करवाया था।
भारत ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाकर इंग्लैंड को सिर्फ 170 रन पर ढेर कर दिया। इस पारी में क्रांति गौड़ ने 37 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। इसी के साथ भारत के पास 115 रन की बढ़त थी। मेहमान टीम ने दूसरी पारी 341/7 के स्कोर पर घोषित करते हुए इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रन का विशाल टारगेट दिया, जिसके जवाब में इंग्लिश टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 186 रन पर ऑलआउट हो गई।
पहली पारी में शानदार ‘फाइव विकेट हॉल’ के साथ क्रांति गौड़ लॉर्ड्स के ‘ऑनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज करवाने वालीं पहली महिला क्रिकेटर बनीं। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने जाने के बाद जब क्रांति से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी लॉर्ड्स में इस खिताब को जीतने का सपना देखा था, तो इसके जवाब में 22 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, “मैंने बड़े होते हुए कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा, लेकिन जिस दिन से यह टेस्ट मैच शुरू हुआ, मैंने खुद से कहा कि मुझे ‘ऑनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज कराना है।”
अपने बॉलिंग प्रोसेस और अपनी ताकत पर टिके रहने के बारे में क्रांति ने कहा, “मेरा तरीका बहुत आसान है। मैं बस अपनी लाइन और लेंथ पर ध्यान देती हूं। कोच ने मुझे जो भी बताया है, मैं लगातार उसी लाइन और लेंथ पर बॉलिंग करके उसे फॉलो करने की कोशिश करती हूं। मैं हर बॉल के साथ यही सोचती थी।”
ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराकर लॉर्ड्स के इतिहास का हिस्सा बनने पर क्रांति गौड़ ने कहा, “मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। मेरे परिवार को भी इस उपलब्धि पर फख्र है। मैं सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं। मेरे कोच, मेरे सीनियर्स और हर उस व्यक्ति को धन्यवाद, जिसने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया।”
ऐतिहासिक जीत के बाद क्रांति गौड़ ने स्टंप अपने पास रख लिया। क्रांति ने बताया कि उन्होंने घर पर एक छोटा-सा म्यूजियम बनाया है, इस स्टंप को हमेशा वहां पर रखेंगी।
–आईएएनएस
आरएसजी