दिल्ली पुलिस की विजिलेंस ब्रांच ने हेड कॉन्स्टेबल को 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा


नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस ब्रांच की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। विजिलेंस की टीम ने कमला मार्केट थाने के हेड कॉन्स्टेबल को 50 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। रिश्वत लेते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ा गया। दिल्ली पुलिस की सतर्कता शाखा मामले की जांच कर रही है।

इससे पहले 22 मई को दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक असिस्टेंट कमिश्नर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। आरोपी अधिकारी एशियन मार्केट, पुष्प विहार, नई दिल्ली स्थित फूड एंड सप्लाई विभाग में तैनात था।

सीबीआई की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस मामले में 20 मई को केस दर्ज किया गया था। जांच एजेंसी को शिकायत मिली थी कि आरोपी अधिकारी राशन कार्डों के आवंटन और वितरण के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोप था कि वह प्रत्येक राशन कार्ड पर 100 रुपये की अवैध रकम मांग रहा था।

वहीं, 20 मई को भी सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह के सीजीएसटी अधीक्षक और निरीक्षक को रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत के आधार पर 20 मई को मामला दर्ज किया था। आरोप था कि आरोपी सीजीएसटी अधीक्षक और निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से उसके इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) विसंगति को हल करने के लिए 90,000 रुपये की अनुचित रिश्वत की मांग की और रिश्वत की राशि का भुगतान न करने पर उसका जीएसटी नंबर ब्लॉक करने की धमकी दी।

सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी अधीक्षक और निरीक्षक को शिकायतकर्ता से आंशिक भुगतान के रूप में 50,000 रुपये की अनुचित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी लोक सेवकों के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी ली गई। आरोपियों को धनबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Show More
Back to top button