लंदन की वादियों में वेदांग रैना ने छेड़ी सुरों की तान

मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। अभिनेता वेदांग रैना आगामी हिंदी पीरियड रोमांटिक ड्रामा ‘मैं वापस आउंगा’ की रिलीज के लिए तैयार हैं। फिल्म में अभिनेता ‘कीनू’ नाम के मुख्य किरदार में नजर आएंगे।
अभिनेता ने फिल्म में अभिनय के साथ-साथ सिंगिंग में भी हाथ आजमाया है। उन्होंने इस फिल्म में ‘मस्कारा’ गाना गाया है, जिसे लेकर अभिनेता को काफी सराहना मिल रही है।
सोमवार को वेदांग ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वे लंदन के एक गार्डन में बैठकर हाथ में गिटार लिए ‘मस्कारा’ गाना गा रहे हैं।
उन्होंने लिखा, “लंदन में बिताया एक खूबसूरत दिन। अब बेसब्री से इंतजार है आपके ‘मस्कारा’ वाले वर्जन सुनने का।”
फैंस को वेदांग की पोस्ट काफी पसंद आ रही है। वे अभिनेता की एक्टिंग और सिंगिंग दोनों की जमकर सराहना कर रहे हैं।
फिल्म के गाने ‘मस्कारा’ में एआर रहमान ने संगीत दिया है, जबकि इसे वेदांग के साथ-साथ नीलांजना घोष ने भी अपनी आवाज दी है। इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। यह गाना युवा प्यार की उन भावनाओं को दिखाता है, जो अक्सर बिना कहे महसूस की जाती है।
अभिनेता ने इससे पहले गाना मस्कारा की रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक खास वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेता एआर रहमान के साथ गाना गाने के लिए काफी नर्वस और उत्साहित थे।
इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें वेदांग और शरवरी वाघ की प्रेम कहानी दिखाई जाएगी, और दिलजीत दोसांझ का किरदार पुरानी यादों को जोड़ते नजर आएगा।
इस पीरियड फिल्म में वेदांग पगड़ी पहने हुए, एक पुराने दौर के रोमांटिक प्रेमी के रूप में नजर आएंगे। उनका किरदार यादों, जुदाई, और अटूट प्रेम की कहानी को जीवंत करता है।
‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म को अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म 12 जून को रिलीज होगी।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम