दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार, 7 वाहन और 3 मोबाइल बरामद

नोएडा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सात दोपहिया गाड़ियां, तीन मोबाइल फोन, चार अवैध चाकू, दो टूटी हुई नंबर प्लेट और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, मामले में एक नाबालिग आरोपी को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-24 पुलिस ने सेक्टर-11 स्थित मदर डेयरी के पास गंदे नाले के पुस्ते के निकट घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान जितेन्द्र, अरबाज और अभिषेक शाह को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके साथ शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित तरीके से दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में रेकी कर भीड़भाड़ वाले स्थानों और घरों के बाहर खड़ी स्कूटी एवं मोटरसाइकिलों को मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। इसके अलावा राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए वाहनों को सेक्टर-54, नोएडा के जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखा जाता था। बाद में वाहनों की नंबर प्लेट तोड़कर उन्हें अपनी मजबूरी बताकर राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था।
चोरी के मोबाइल फोन और वाहनों की बिक्री से मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे और उसी पैसे से अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान लोगों को डराने-धमकाने के लिए आरोपी अपने पास अवैध चाकू रखते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय जितेन्द्र निवासी दल्लूपुरा, दिल्ली, 19 वर्षीय अरबाज निवासी बेगूसराय (बिहार) हाल निवासी दल्लूपुरा, दिल्ली तथा 18 वर्षीय अभिषेक शाह निवासी सोनपुर (बिहार) हाल निवासी दल्लूपुरा, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चार स्कूटियां, तीन मोटरसाइकिलें, चोरी और स्नैचिंग के तीन मोबाइल फोन, चार अवैध चाकू, दो टूटी हुई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट तथा 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पंजीकृत स्कूटियां एवं मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जबकि दो मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट के मिली हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में विभिन्न धाराओं के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। साथ ही दिल्ली के गाजीपुर थाने में भी इनके विरुद्ध आपराधिक मामला पंजीकृत है। पुलिस अब बरामद वाहनों और मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। वहीं, गैंग से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी