बदायूं में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, एक सिपाही भी जख्मी


बदायूं, 28 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए जबकि एक सिपाही भी फायरिंग में जख्मी हुआ है। पुलिस ने तीन बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस की एक टीम इस्लामनगर थाना क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। बुधवार देर रात जब टीम बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास पहुंची तो वहां संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। पुलिस ने बदमाशों को रुकने का संकेत दिया लेकिन बदमाशों ने बिना चेतावनी के पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश नदीम उर्फ शाकिब और आस मोहम्मद गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

फायरिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रहे बदमाश सद्दू को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। मुठभेड़ में इस्लामनगर पुलिस का सिपाही अमित कुमार भी गोली लगने से घायल हो गया। अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बदायूं के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। उनके दो साथी भागने में सफल हो गए, जिनकी तलाश के लिए कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। तीनों गिरफ्तार बदमाश बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के प्यास मोहल्ले के निवासी हैं। पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूटी गई नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार गिरोह हाल के दिनों में आसपास के इलाकों में चोरी और लूट की कई वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस इन बदमाशों से पूछताछ कर अन्य अपराधों का खुलासा करने की कोशिश कर रही है। फरार दोनों बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

–आईएएनएस

एससीएच/पीएम


Show More
Back to top button