अंजना सिंह की आगामी फिल्म 'शहीद की विधवा' का ट्रेलर 1 अगस्त को होगा रिलीज


मुंबई, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अंजना सिंह अपनी आगामी फिल्म ‘शहीद की विधवा’ लेकर आ रही हैं। सोमवार को फिल्म के मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज की जानकारी शेयर की।

मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “भोजपुरी फिल्म ‘शहीद की विधवा’ का ट्रेलर 1 अगस्त को शनिवार सुबह 8 बजे बी4यू भोजपुरी यूट्यूब पर रिलीज हो रहा है।”

मेकर्स द्वारा पोस्ट पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वे कमेंट सेक्शन पर ट्रेलर रिलीज को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। इससे पहले मेकर्स ने फर्स्ट लुक और फिल्म से जुड़ी जानकारी शेयर की थी। हालांकि, फिल्म को लेकर विशेष जानकारी अभी मेकर्स ने नहीं दी है।

यह फिल्म पारंपरिक ‘सास-बहू’ वाले घिसे-पिटे विषयों से हटकर एक गंभीर और मजबूत महिला किरदार पर आधारित होगी। इसमें एक शहीद के परिवार और उसकी पत्नी के जीवन की वास्तविक चुनौतियों को दिखाया जाएगा।

फिल्म के जरिए अंजना सिंह पारंपरिक किरदारों से बाहर निकलकर एक सशक्त और अलग अंदाज में नजर आएंगी। इसमें अंजना सिंह एक देश के लिए जान कुर्बान करने वाले सैनिक की पत्नी (शहीद की विधवा) के संघर्ष और उसकी भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर दिखाएंगी। प्रवीण गुडूरी द्वारा निर्देशित फिल्म का लेखन अरविंद तिवारी ने किया है जबकि इसके निर्माता संदीप सिंह और रामा प्रसाद हैं।

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अंजना सिंह अनोखी कहानियों और सशक्त महिला किरदारों की ओर बढ़ रही हैं। फिल्मों में दमदार रोल निभाने के साथ-साथ वे असल जीवन में भी उतनी दमदार हैं। निजी जीवन में उतार-चढ़ाव और कठिन दौर (तलाक के बाद का डिप्रेशन) का सामना करने के बाद उन्होंने दोबारा अभिनय की दुनिया में खुद को मजबूती से स्थापित किया है।

हाल ही में अंजना सिंह ने लखनऊ के साइबर क्राइम थाने में अभिनेता खेसारी लाल यादव समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके और उनकी नाबालिग बेटी को निशाना बनाया गया। एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर वायरल की गईं, अभद्र टिप्पणियां की गईं और धमकियां दी गईं।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Show More
Back to top button