जेई-एईएस प्रभावित गांवों में 24 घंटे काम कर जल्द पहुंचाएं नल का जल : स्वतंत्र देव सिंह


लखनऊ, 27 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) प्रभावित उन सभी गांवों में, जहां अब तक नल से जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, 24 घंटे तीन शिफ्टों में काम कर जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में सोमवार को जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने जलापूर्ति संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों से नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने और पेयजल संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सिंगल विलेज योजनाओं के लंबित कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे करने तथा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बहाली में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने अधिकारियों को गांवों में जाकर जल जीवन मिशन के प्रभाव का आकलन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलजनित बीमारियों में आई कमी और ग्रामीणों के जीवन में आए बदलाव का अध्ययन किया जाए तथा लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया जाए।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने जिन गांवों में नल से जलापूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक जिले में नियमित रूप से जल चौपाल आयोजित करने और जनप्रतिनिधियों को मिशन की प्रगति रिपोर्ट पोर्टल तथा ‘जल सारथी’ ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने को भी कहा।

जल निगम (ग्रामीण) की पुरानी परियोजनाओं में देरी पर नाराजगी जताते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को दो महीने के भीतर सभी लंबित परियोजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा।

–आईएएनएस

विकेटी/एएसएच


Show More
Back to top button