फिलीपींस: मेयोन ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए, बढ़ा खतरा

मनीला, 3 मई (आईएएनएस)। मेयोन ज्वालामुखी में रविवार को हुए विस्फोट के बाद हजारों लोगों को मनीला के दक्षिण वाले इलाकों से सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। ऐसा फिलीपींस की सरकारी न्यूज एजेंसी ने बताया।
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी ने लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है और मेयोन ज्वालामुखी के लिए पांच में से तीन का अलर्ट लेवल रखा है। अलर्ट लेवल तीन का मतलब है कि मैग्मा जमीन की सतह के पास या उसी पर है, और आने वाले हफ्तों में खतरनाक विस्फोट हो सकता है। ज्वालामुखी के सक्रिय क्रेटर से आठ किलोमीटर तक के दायरे को डेंजर जोन में शामिल किया जा सकता है।
संस्थान के मुताबिक, ज्वालामुखी की कई घाटियों में लावा बह रहा है। इसके साथ ही बीच-बीच में छोटे-छोटे धमाके (स्ट्रॉम्बोलियन एक्टिविटी) और थोड़ी देर के लिए लावा फाउंटेनिंग भी हो रही है।
रिपोर्ट में इसमें ज्वालामुखी के दक्षिण-पश्चिमी ढलान पर लगातार पायरोक्लास्टिक डेंसिटी करंट (पीडीसी) और राख गिरने का भी जिक्र किया गया है।
छह किलोमीटर के दायरे वाले स्थायी खतरे के क्षेत्र में जाने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही ज्वालामुखी के पास किसी भी विमान के उड़ने पर भी रोक है।
इस एडवाइजरी में चट्टानें गिरने, भूस्खलन या हिमस्खलन, बैलिस्टिक टुकड़े, लावा का बहाव और लावा के फव्वारे, मध्यम आकार के विस्फोट, और भारी व लंबे समय तक बारिश होने पर ‘लाहार’ (ज्वालामुखी से निकलने वाली कीचड़ की बाढ़) जैसे संभावित खतरों के बारे में भी बताया गया है।
सरकारी न्यूज एजेंसी ने बताया कि करीब 1,325 परिवार इस स्थिति से प्रभावित हुए हैं। क्विटागो, मागुइरोन, इनामनन पेक्वेनो, इराया, सैन फ्रांसिस्को, ट्रावेसिया, सैन राफेल, इनामनन ग्रांडे, कालज़ादा, मोरेरा, पोब्लासिओन और इलावोड गांवों में पानी की सप्लाई सीमित कर दी जाएगी।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि ‘लोक निर्माण और राजमार्ग विभाग’, ‘जल शोधन इकाइयां’ और ‘जल स्वच्छता टीमें’ सड़कों को साफ करने का काम करेंगी और प्रभावित इलाकों में तैनात की जाएंगी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘सामाजिक कल्याण और विकास विभाग’ सुरक्षित जगहों पर बने केंद्रों में परिवारों के लिए खाने के पैकेट और तुरंत खाए जा सकने वाले भोजन के साथ-साथ साफ-सफाई के किट भी बांटेगा।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी