सिर से उठा माता-पिता का साया, फिर भी मैदान पर खेलने उतरे ये भारतीय खिलाड़ी

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। सिर से माता या पिता का साया उठने के बाद चंद घंटों में फिर से मैदान पर खेलने उतरने के लिए बड़ा कलेजा चाहिए होता है। जिंदगी के इस सबसे बड़े दुख से उबरने में लोगों को महीने, वर्षों लग जाते हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी रहे हैं, जो इस मुश्किल समय में दिल पर पत्थर रखकर टीम के लिए मैदान पर न सिर्फ खेलने उतरे हैं, बल्कि जीत में भी अहम योगदान दिया है।
सचिन तेंदुलकर : भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर साल 1999 में वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे थे, जब उनके पिता का निधन हो गया था। 19 मई, 1999 को सचिन ने भारत की तरफ से जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला खेला था और इसी तारीख को उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया था। सचिन अपने पिता रमेश तेंदुलकर के अंतिम संस्कार के लिए स्वदेश लौटे थे। अंतिम संस्कार के तुरंत बाद सचिन इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए थे। 23 मई, 1999 को सचिन केन्या के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने 101 गेंदों में 140 रनों की शानदार पारी खेली थी।
विराट कोहली : साल 2006 में दिल का दौरा पड़ने से विराट कोहली के पिता का निधन हो गया था। कोहली इस समय रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की तरफ से कर्नाटक के खिलाफ मुकाबला खेल रहे थे। विराट की उम्र तब सिर्फ 18 साल थी, लेकिन वह दिल पर पत्थर रखकर अगले दिन दिल्ली की ओर से बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे थे। विराट ने 90 रनों की शानदार पारी भी खेली थी।
मोहम्मद सिराज : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अपने पिता का अंतिम संस्कार करने के लिए भी स्वदेश नहीं लौट सके थे। सिराज साल 2020 में भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर थे। कोविड की वजह से भारतीय टीम क्वारंटीन में थी और बायो-बबल को तोड़कर जाने की इजाजत नहीं थी। सिराज ने इसी सीरीज में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 मुकाबलों में 13 विकेट अपने नाम किए थे। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जिसके नायक सिराज रहे थे।
ऋषभ पंत : आईपीएल 2017 के आगाज से ठीक दो दिन पहले ऋषभ पंत के पिता का निधन हो गया था। हालांकि, पंत पिता का अंतिम संस्कार करके तुरंत दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) टीम से जुड़ गए थे। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी भी खेली थी।
मुकेश चौधरी : आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे मुकेश चौधरी मां के निधन के दो दिन बाद मैदान पर उतरे। 21 अप्रैल, 2026 को लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहीं मुकेश की मां का निधन हुआ था। वहीं, 23 अप्रैल, 2026 को वह चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने उतरे। मुकेश न सिर्फ मैदान पर उतरे, बल्कि उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 31 रन देकर क्विंटन डी कॉक का बड़ा विकेट भी अपने नाम किया। इस मुश्किल समय में अपनी फ्रेंचाइजी के लिए खेलना मुकेश का क्रिकेट के प्रति जज्बा और लगाव भी दिखाता है।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम