बदायूं : ताऊ के साथ चल रहा था संपत्ति का विवाद, नहीं मिला समाधान, तो टंकी पर चढ़ा युवक

बदायूं, 26 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय एक युवक पारिवारिक कलह से इस कदर नाराज हो गया कि वो पानी की टंकी पर चढ़ गया।
यह टंकी जल जीवन मिशन की ओर से लगाई थी। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने युवक को फौरन टंकी से उतारा और उससे यह जानने की कोशिश की कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया?
युवक के मुताबिक, उसका अपने ताऊ के साथ पिछले लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद इस कदर गहरा चुका था कि वो मानसिक तनाव में रहने पर मजबूर हो चुका था। कई बार उसके कहने पर भी परिवार के लोग इस विवाद को समाप्त करने पर राजी नहीं हो रहे थे। अंत में उसने तंग आकर अपने इलाके में लगी जल जीवन मिशन की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया, ताकि वो ऐसा करके अपने आक्रोश को जाहिर कर सके।
मौके पर जैसे ही प्रशासन की टीम पहुंची, तो युवक को इस गगनचुंबी टंकी पर खड़े देख हैरान रह गई। प्रशासन पूरी सूझबूझ का सहारा लेकर युवक को उस टंकी से उतारा और उसे यह समझाने की कोशिश की कि उसके द्वारा उठाया गया यह कदम किसी भी सूरत में ठीक नहीं है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, युवक को टंकी से उतारने के बाद प्रशासन से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली, क्योंकि वहां मौजूद लोगों को इस बात का डर लग रहा था कि कहीं युवक आवेश में आकर कोई गलत कदम नहीं उठा ले। जैसे ही युवक को टंकी से उतारा गया, तो प्रशासन से जुड़े लोग राहत की सांस लेते हुए नजर आए। साथ ही, उसे समझाने की भी कोशिश की कि इस तरह का कदम किसी भी समस्या के समाधान नहीं हो सकता है। वहीं, ग्रामीणों ने भी युवक को समझाया कि इस तरह का कदम उठाने से बचे।
–आईएएनएस
एसएचके/एबीएम