तेलंगाना: मुख्य सचिव ने 10 मई को प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की


हैदराबाद, 5 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 मई को हैदराबाद दौरे की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने डॉ. बीआर अंबेडकर तेलंगाना राज्य सचिवालय में बैठक कर प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसी के मद्देनजर मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग को ‘ब्लू बुक’ प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, अग्निशमन विभाग को बेगमपेट एयरपोर्ट, हेलीपैड और सभी कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त फायर टेंडर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पुलिस, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम और सड़क एवं भवन विभाग को प्रधानमंत्री के काफिले के सभी मार्गों का निरीक्षण कर जरूरत पड़ने पर युद्ध स्तर पर मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को सभी स्थानों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया ताकि प्रधानमंत्री का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस बैठक में पुलिस महानिदेशक सीवी आनंद, विशेष मुख्य सचिव विकास राज, नवीन मित्तल, दाना किशोर, वाणी प्रसाद, गृह सचिव शिखा गोयल, खुफिया एडीजी अनिल कुमार, पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार, रमेश, सुमति, अग्निशमन विभाग के डीजी विक्रम सिंह मान, जीएचएमसी आयुक्त आरवी कर्णन और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी संजय कुमार ने कहा कि वे भाजपा कार्यकर्ता के रूप में 10 मई को परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री मोदी की सभा के लिए तैयार हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री को ऐसा नेता बताया जिसने शासन को नई दिशा दी, राष्ट्रीय गौरव को बहाल किया और एक मजबूत भारत की दिशा तय की।

बी संजय कुमार ने कहा कि यह केवल एक जनसभा नहीं है, बल्कि एक ऐसा क्षण है जहां लोग सुनकर आगे बढ़ने की प्रेरणा लेंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का तेलंगाना में भव्य स्वागत करने की अपील की और कहा कि यह प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल के बाद राज्य का पहला दौरा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार तेलंगाना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे में तेलंगाना को 7,823 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं समर्पित करेंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button