तेहरान: 9 मई से सरकारी कार्यालयों में 100 फीसदी उपस्थिति का गवर्नर ने दिया आदेश
तेहरान, 7 मई (आईएएनएस)। 40 दिन तक अमेरिका-इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों ने ईरान के सामान्य जन जीवन पर काफी असर डाला। आशंकाओं के बीच पिछले 2 तीन हफ्ते गुजरे तो अब उम्मीद है कि राजधानी में जिंदगी पटरी पर लौट आएगी। आगामी शनिवार से सभी मंत्रालय और सरकारी संगठन पूरी क्षमता के साथ काम करेंगे। तेहरान के गवर्नर ने इसका ऐलान किया।
तेहरान के गवर्नर मोहम्मद सदेग मोतेमिदियन ने गुरुवार को घोषणा की कि ईरान की राजधानी में सभी मंत्रालय, सरकारी संगठन और कार्यकारी एजेंसियां 9 मई (शनिवार) से पूर्ण क्षमता के साथ कार्य करना शुरू करेंगी। यह जानकारी अर्द्ध-आधिकारिक मेहर न्यूज एजेंसी ने दी।
गवर्नर के अनुसार, सरकारी विभाग “100 प्रतिशत स्टाफ के साथ” काम करेंगे, जबकि स्कूलों और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी संबंधित शिक्षा मंत्रालय जारी करेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान में धीरे-धीरे सामान्य जीवन की झलक दिखाई दे रही है। हालांकि लोग थोड़े सशंकित भी हैं क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डील के साथ ही धमकी भी दे रहे हैं। इजरायल भी इसी राह पर है। दोनों स्पष्ट कह रहे हैं कि यदि ईरान संघर्ष विराम समझौते के उनके प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करता, तो संघर्ष फिर से शुरू हो सकता है।
सोमवार को यह अनिश्चितता और बढ़ गई जब अमेरिका ने दो ईरानी सैन्य नौकाओं पर हमला किया, तो बदले में ईरान ने यूएई स्थित फुजैराह तेल पोर्ट पर एक टैंकर को निशाना बनाया। इस हमले में तीन भारतीय भी घायल हो गए थे, जिसकी भारत समेत कई देशों ने कड़े शब्दों में निंदा की थी।
युद्ध का आर्थिक नुकसान भी बहुत ज्यादा हुआ है। कई लोगों की नौकरियां चली गई हैं और महंगाई बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ ) का अनुमान है कि इस साल यह 70 फीसदी तक पहुंच सकती है।
–आईएएनएस
केआर/