ईरान: सुप्रीम लीडर खामेनेई से मिले राष्ट्रपति पेजेश्कियन, ढाई घंटे चली बैठक में राष्ट्रीय मुद्दों पर हुई गहन बात


तेहरान, 7 मई (आईएएनएस)। मसूद पेजेश्कियन ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के साथ हुई लंबी बैठक के बाद उनकी कार्यशैली और व्यवहार की सराहना की है। सरकारी मीडिया इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के अनुसार, यह बैठक करीब ढाई घंटे तक चली।

पेजेश्कियन ने कहा कि बैठक के दौरान जिस बात ने उन्हें सबसे अधिक प्रभावित किया, वह खामेनेई का विनम्र, आत्मीय और विश्वास पैदा करने वाला व्यवहार था। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च नेता का बातचीत का तरीका ऐसा था जिसने पूरे माहौल को भरोसे, शांति, सहानुभूति और खुले संवाद में बदल दिया।

ईरानी राष्ट्रपति के अनुसार, बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि खामेनेई का “गहराई से आत्मीय दृष्टिकोण”, सरकार और नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करेगा।

मार्च की शुरुआत में सर्वोच्च नेता नियुक्त किए जाने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से बहुत कम दिखाई दिए हैं। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में वो घायल हो गए थे। इसी हमले में उनके पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई थी।

हालांकि, इस हमले और उससे जुड़ी परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक स्तर पर सीमित जानकारी ही सामने आई है। ईरान में नेतृत्व परिवर्तन के बाद क्षेत्रीय राजनीति और सुरक्षा हालात पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

ये मुलाकात होर्मुज पर कम होते तनाव के बीच काफी अहम मानी जा रही है। वो भी तब जब अमेरिका ने प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोकने का ऐलान किया। 4 मई को ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही शुरू करने के लिए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ शुरू किया गया था। हालांकि एक दिन बाद ही इस पर रोक लग गई। ट्रंप ने कहा कि ऐसा उन्होंने कुछ देशों के अनुरोध पर किया है। इस बीच विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी प्रेस के सामने कहा कि एपिक फ्यूरी ऑपरेशन को अब समाप्त माना जाना चाहिए।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button