तारा शर्मा ने शेयर किया पुराना वीडियो, कहा- कान्स अब थोड़ा दिखावटी होता जा रहा है।

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। इन दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल की धूम सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है। इसी बीच अभिनेत्री तारा शर्मा ने सोमवार को अपने फ्रांस दौरे का एक पुराना वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया।
इस वीडियो में अभिनेत्री अपने बच्चों के साथ फ्रांस की सड़कों पर घूमती नजर आ रही हैं। वीडियो की शुरुआत में वह मशहूर रेड कार्पेट के सामने खड़ी होकर कहती हैं, “यह मशहूर रेड कार्पेट है और अगर अभी फिल्म फेस्टिवल होता, तो हम इस पर चलते हुए सबको हाथ हिलाकर नमस्ते करते।”
इसके बाद वह अपने बच्चों को कान्स शहर की खासियतें बताती हैं। वह कहती हैं कि कान्स में आपको ऐसी बहुत सी जगहें दिखेंगी, जिनका फिल्मों से कुछ न कुछ लेना-देना है, जैसे ‘वॉक ऑफ फेम’। इसके बाद उन्होंने फ्रांस के कैफे और बेहतरीन संगीत की सराहना करते हुए बताया कि इस शहर में कला और मनोरंजन को बहुत ज्यादा अहमियत दी जाती है।
अभिनेत्री ने वीडियो शेयर कर एक नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने कान्स के बदलते रूप और आज के समय में रेड कार्पेट की अहमियत पर अपने विचार साझा किए। तारा शर्मा ने लिखा, “कान्स फिल्म फेस्टिवल के सभी ग्लैमरस लुक्स के बीच पेश है एक बिल्कुल अलग तरह का लुक। पोस्ट किया गया वीडियो उस समय का है, जब मेरे बच्चे बहुत छोटे थे और मेरा शो ‘द तारा शर्मा शो- डायरीज ऑफ अ न्यू मम’ को ‘कान्स लायंस’ में नामांकित किया गया था। यह पल मेरे और मेरे परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण था।”
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में साल 2006 की फिल्म ‘खोसला का घोसला’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि काफी समय पहले उनकी यह फिल्म भी कान्स मार्केट में दिखाई जा चुकी है। उन्होंने लिखा, “उस समय मेरे पास अभी की तरह कास्ट और क्रू को वहां ले जाने के लिए न तो कोई बड़ा बजट था और न ही पीआर टीम, लेकिन फिर भी बिना किसी तामझाम के फिल्म को वहां सराहना मिली थी।”
अभिनेत्री ने आगे लिखा, “कान्स को देखकर ऐसा लगता है कि अब यह थोड़ा दिखावटी होता जा रहा है। इसे देखकर मैं थोड़ा हैरान हो जाती हूं कि इतने सारे लोग बिना किसी फिल्म या प्रोजेक्ट के भी रेड कार्पेट पर क्यों और कैसे चल रहे हैं।”
अभिनेत्री ने रेड कार्पेट पर जाने की उम्मीद जताते हुए लिखा, “मैं हर किसी का सम्मान करती हूं और वहां जाने के सभी के अपने अलग-अलग कारण होते हैं, लेकिन मैं वहां सिर्फ पीआर के लिए नहीं जाना चाहूंगी। मैं तब जाना चाहूंगी, जब मेरी कोई फिल्म, शो या ऐसा कंटेंट वहां दिखाया जा रहा हो, जिससे मैं जुड़ी हुई हूं। मुझे उम्मीद है कि एक दिन मैं भी कान्स फिल्म फेस्टिवल के आधिकारिक रेड कार्पेट पर जरूर चलूंगी।”
–आईएएनएस
एनएस/एएस