के. राजन के निधन पर तमिलनाडु के सीएम विजय ने जताया दुख, बोले- 'उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा तमिल सिनेमा'


चेन्नई, 18 मई (आईएएनएस)। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर के. राजन का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर के बाद से फिल्म इंडस्ट्री से शोक की लहर है। इसी बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनके निधन पर दुख जताते हुए एक शोक संदेश जारी किया है।

मुख्यमंत्री विजय ने अपने शोक संदेश में कहा, ”के. राजन के निधन की खबर सुनकर मुझे बेहद दुख हुआ। वह तमिल फिल्म इंडस्ट्री का ऐसा मजबूत और बेबाक चेहरा थे, जिसने कई दशकों तक सिनेमा जगत के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।”

मुख्यमंत्री विजय ने कहा, ”के. राजन तमिल फिल्म इंडस्ट्री के हितों के लिए लगातार आवाज उठाने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने खास तौर पर छोटे फिल्म निर्माताओं और वितरकों के अधिकारों को लेकर हमेशा खुलकर अपनी बात रखी। वह तमिल सिनेमा की दिशा और भविष्य को लेकर भी अपनी राय बेबाकी से रखते थे।”

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, ”कई दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े रहने के दौरान के. राजन ने जो योगदान दिए, उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। तमिल फिल्म इंडस्ट्री उनके काम और संघर्ष को कभी नहीं भूल पाएगी।”

मुख्यमंत्री ने उनके परिवार, दोस्तों और तमिल सिनेमा से जुड़े लोगों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

दरअसल, के. राजन के निधन की खबर सामने आने के बाद से लोग लगातार शोक व्यक्त कर रहे है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 85 वर्षीय के. राजन का निधन चेन्नई में हुआ। खबरों में दावा किया गया कि उन्होंने आत्महत्या की और चेन्नई के अड्यार पुल से नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद फायर और रेस्क्यू टीम ने उनका शव बरामद किया। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।

के. राजन के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए दुख व्यक्त किया। अभिनेत्री और नेता खुशबू सुंदर ने एक्स पर कहा, ”यह बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर है। के. राजन सम्मानित और सच बोलने वाले इंसान थे। वह हमेशा बिना डर अपनी बात रखते थे और इंडस्ट्री के मुद्दों पर खुलकर बोलते थे।”

वहीं अभिनेता और राजनेता आर. सरथकुमार ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “1980 के दशक से तमिल सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाले के. राजन का अचानक जाना पूरी इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”

अगर के. राजन के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1983 में फिल्म ‘ब्रह्मचारीगल’ से बतौर निर्माता अपने सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अपने बैनर ‘गणेश सिने आर्ट्स’ के तहत कई फिल्मों का निर्माण किया। वह सिर्फ निर्माता ही नहीं थे, बल्कि निर्देशन और अभिनय की दुनिया में भी सक्रिय रहे। उन्होंने ‘उनाचिगल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया, जबकि ‘डबल्स’, ‘अवल पावम’, ‘माइकल राज’, ‘थुनिवु’ और ‘बकासुरन’ जैसी फिल्मों में अभिनय भी किया।

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Show More
Back to top button