दुनिया भर के मंचों की यादों को संजोने के लिए 'ऑल हार्ट्स टूर' का लाइव एल्बम : श्रेया घोषाल


मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत की मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने अपने गानों के जरिए लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। अब उन्होंने अपने बेहद खास ‘ऑल हार्ट्स टूर’ को एक लाइव एल्बम के रूप में पेश किया है। यह एल्बम उन यादों, भावनाओं और अनुभवों का एक कलेक्शन है, जिन्हें उन्होंने अपने वर्ल्ड टूर के दौरान महसूस किया। यह लाइव एल्बम अब सोनी म्यूजिक इंडिया के तहत जारी किया गया है।

उन्होंने आईएएनएस संग बातचीत में बताया कि यह टूर उनके जीवन के सबसे खास अनुभवों में से एक रहा।

श्रेया घोषाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”यह सफर एक साल से भी ज्यादा समय तक चला और इस दौरान मैंने दुनिया के कई बड़े शहरों में परफॉर्म किया। हर शहर, हर मंच और हर दर्शक मेरे दिल के करीब बनता चला गया। कहीं कार्यक्रम का माहौल यादगार था, कहीं दर्शकों का प्यार दिल छू लेने वाला था और कहीं गानों की लिस्ट इतनी खास थी कि वह पल हमेशा के लिए यादगार बन गया। यही वजह थी कि मैं और मेरी टीम ने सोचा कि इन सभी खास पलों को सिर्फ यादों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इन्हें एक एल्बम के रूप में हमेशा के लिए सुरक्षित कर लेना चाहिए।”

उन्होंने कहा, ”इस एल्बम के लिए गानों का चुनाव करना आसान नहीं था। अलग-अलग शहरों में हुए कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग में कई खूबसूरत पल थे। ऐसे में यह तय करना काफी मुश्किल था कि किन परफॉर्मेंस को चुना जाए। मेरी कोशिश यही रही कि हर जगह से सबसे बेहतरीन रिकॉर्डिंग को लिया जाए ताकि उस मंच की भावना और ऊर्जा लोगों तक पहुंच सके।”

श्रेया घोषाल ने कुछ खास इवेंट्स के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ”डॉल्बी थिएटर में परफॉर्म देना मेरे लिए बेहद भावुकता भरा अनुभव था। यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में गिना जाता है और यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह आयोजित होते हैं। इसके अलावा फॉक्स थिएटर की यादें भी मेरे लिए खास हैं। यह ऐतिहासिक थिएटर बेहद खूबसूरत है और भारतीय संगीत जगत की महान गायिका लता मंगेशकर भी यहां परफॉर्म कर चुकी हैं। ऐसे मंचों पर गाना मेरे लिए इतिहास और भावनाओं से जुड़ने जैसा अनुभव था।”

श्रेया घोषाल ने कहा, “इस टूर के दौरान गाए गए गानों को हर बार थोड़ा अलग अंदाज में पेश किया गया। मैं और मेरी टीम हमेशा कोशिश करते थे कि हर परफॉर्मेंस में कुछ नया जोड़ा जाए। कभी म्यूजिक में बदलाव किया जाता, तो कभी गाने की धुन या परफॉर्मेंस में नया एहसास लाया जाता। स्टेज पर गाए गए कई गाने ऐसे थे, जो उसी पल के लिए खास बन गए।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button