स्पेन को झटका, फर्मिन लोपेज के पैर में फ्रैक्चर, नहीं खेलेंगे फीफा वर्ल्ड कप


मैड्रिड, 18 मई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की टीम घोषित होने से पहल स्पेन को बड़ा झटका लगा है। एफसी बार्सिलोना के मिडफील्डर फर्मिन लोपेज पैर में फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

रविवार को रियल बेटिस के खिलाफ 3-1 की जीत के दौरान लोपेज के दाहिने पैर की पांचवीं मेटाटार्सल हड्डी में फ्रैक्चर आया था। स्पेनिश चैंपियन टीम ने बताया है कि लोपेज की सर्जरी होगी, लेकिन उनके वापस लौटने का कोई समय नहीं बताया गया है।

सोमवार को बार्सिलोना की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, “बेटिस के खिलाफ मैच में फर्मिन लोपेज के दाहिने पैर की पांचवीं मेटाटार्सल हड्डी टूट गई। खिलाड़ी की सर्जरी होगी।”

रविवार को रियल बेटिस के खिलाफ बार्सिलोना की 3-1 की घरेलू जीत में लोपेज को हाफ-टाइम में बदल दिया गया था। क्लब ने एक दिन बाद उनकी चोट की गंभीरता की पुष्टि की।

स्पेन 15 जून को केप वर्डे के खिलाफ अपने फीफा वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद 21 जून को सऊदी अरब और छह दिन बाद उरुग्वे का सामना करेगा। ऐसे में 23 वर्षीय लोपेज के पास टूर्नामेंट शुरू होने तक ठीक होने का कोई मौका नहीं बचा है।

लोपेज ने स्पेन के लिए 7 मैच खेले हैं और उन्हें डे ला फुएंते की 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया जाना लगभग तय माना जा रहा था।

पिछले दो सीजन में लोपेज बार्सिलोना के नियमित खिलाड़ी बन गए हैं, और उन्होंने कैटलन टीम को लगातार दो ला लीगा खिताब जीतने में मदद की है। इस सीजन में सभी प्रतियोगिताओं के 48 मुकाबलों में इस मिडफील्डर ने 13 गोल किए और 17 असिस्ट दिए, जबकि उन्हें दो बार ग्रोइन इंजरी भी हुई थी।

अगर लोपेज वर्ल्ड कप में खेलते, तो यह उनका दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होता, इससे पहले उन्होंने स्पेन के सफल यूरो 2024 अभियान में 28 मिनट तक खेला था।

यह चोट टूर्नामेंट से पहले स्पेन की टीम में फिटनेस चिंताओं को और बढ़ा देती है। डे ला फुएंते ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह एथलेटिक क्लब के विंगर निको विलियम्स के हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने का इंतजार करने को तैयार हैं; उन्होंने कहा था कि अगर विलियम्स शुरुआती मैच नहीं भी खेल पाते हैं, तो भी वह ग्रुप चरण के दूसरे मैच में वापसी कर सकते हैं।

बार्सिलोना के विंगर लामिन यामल भी हैमस्ट्रिंग इंजरी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि आर्सेनल के मिडफील्डर मिकेल मेरिनो का खेलना भी संदिग्ध बना हुआ है, क्योंकि इस साल की शुरुआत में उनके पैर की चोट की सर्जरी हुई थी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button