दूसरा वनडे: इब्राहिम जादरान का अर्धशतक, अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 300 रन का लक्ष्य दिया


ब्रेडी, 7 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रेडी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने आयरलैंड को जीत के लिए 300 रन का लक्ष्य दिया है।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान को रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। गुरबाज 32 रन बनाकर आउट हुए। जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। टीम का स्कोर जब 155 रन था, उस समय दूसरे विकेट के लिए अटल 50 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। इब्राहिम जादरान शतक का मौका चूक गए। वह तीसरे विकेट के रूप में 97 गेंदों पर 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद कप्तान रहमत शाह ने 30, अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 33, दरविश रसूली ने 16 और पूर्व कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 21 गेंदों पर तेज 36 रन बनाकर टीम का स्कोर 47 ओवर में 8 विकेट पर 299 तक पहुंचाया।

बता दें कि बारिश की वजह से मैच को 50 की जगह दोनों 47 ओवर का कर दिया गया है।

आयरलैंड की तरफ से मार्क अडेयर ने 10 ओवर में 2 मेडन फेंकते हुए 40 रन देकर 2 विकेट लिए। जय मूंद्रा ने 9 ओवर में 78 रन देकर 2 विकेट लिए। गेविन, कर्टिस कैंफर और हैरी टैक्टर ने 1-1 विकेट लिए।

आयरलैंड की तरफ से तीन खिलाड़ियों ने वनडे क्रिकेट की शुरुआत की है। बल्लेबाज बेन कैलिट्ज, तेज गेंदबाज जय मूंद्रा और बायरन मैकडोनो अपना करियर शुरू कर रहे हैं।

सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया था। उस मैच में टॉस भी नहीं हो सका था। 5 मैचों की सीरीज में आयरलैंड को 5-0 की जीत दर्ज करनी थी। इसी शर्त पर आयरलैंड को विश्व कप 2027 में सीधे एंट्री मिल सकती थी। हालांकि, पहला वनडे रद्द होने के बाद अब आयरलैंड को विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग मैच खेलना होगा।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button