एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का शेयर लिस्टिंग के करीब एक हफ्ते बाद इश्यू प्राइस के नीचे फिसला

मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर गुरुवार को अपने लिस्टिंग प्राइस 574 रुपए से नीचे फिसल गए।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयरों ने सत्र की शुरुआत सपाट 576.05 रुपए पर की और इस दौरान 579.90 रुपए का हाई बनाया, लेकिन शुरुआती कारोबार के बाद इसमें गिरावट बढ़ती चली गई है और 565.05 रुपए का नया न्यूनतम स्तर बनाया।
दोपहर 3 बजे शेयर 1.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 569.10 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के शेयर की लिस्टिंग 21 जुलाई को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 6.85 प्रतिशत से प्रीमियम के साथ 613.30 रुपए पर हुई थी। लिस्टिंग ने दिन शेयर ने 624.95 रुपए का हाई बनाया, जो कि इसका अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है।
14-16 जुलाई तक खुले एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आईपीओ को बाजार से बंपर रिस्पॉन्स मिला था और यह 41.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस पब्लिक इश्यू से एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने 9,812.91 करोड़ रुपए जुटाए थे और इसका प्राइस बैंड 545-574 रुपए प्रति शेयर था।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट की स्थापना 1987 में हुई थी। यह एसबीआई की सहयोगी कंपनी है। तिमाही औसत एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (क्यूएएयूएम) के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। 31 मार्च, 2026 तक, यह 12.51 लाख करोड़ रुपए के म्यूचुअल फंड एसेट्स को मैनेज कर रही थी और इसकी मार्केट हिस्सेदारी 15.3 प्रतिशत थी।
इसके अतिरिक्त, भारतीय शेयर बाजार में मजबूती के साथ कारोबार हो रहा था। इस दौरान सेंसेक्स 219 अंक या 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,874 और निफ्टी 65 अंक या 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,309 पर था।
हालांकि, तेजी लार्जकैप तक सीमित थी और मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स करीब आधा प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
–आईएएनएस
एबीएस