जैव विविधता बचाना मानवता को सुरक्षित रखने जैसा : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 22 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और प्रकृति प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकृति की विविधता ही जीवन की वास्तविक संपदा है।
उन्होंने कहा कि जैव विविधता केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन, कृषि, जल, वन्य जीवों और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पृथ्वी पर मौजूद विभिन्न प्रकार के जीव-जंतु, वनस्पतियां, जल स्रोत और प्राकृतिक संसाधन पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि जैव विविधता सुरक्षित रहेगी तो मानव जीवन भी स्वस्थ और सुरक्षित बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण जैव विविधता पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, जो पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए कई जनकल्याणकारी अभियान चलाए जा रहे हैं। उसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार भी पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान संचालित कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रकृति संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति संवेदनशील बनने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व जैव विविधता दिवस यह संदेश देता है कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं। इसलिए जैव विविधता की रक्षा और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
–आईएएनएस
विकेटी/एएस