जय शाह के नेतृत्व में आईसीसी को महिला क्रिकेट में आए जबरदस्त बदलाव के लिए बधाई: सैकिया


लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफल आयोजन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और उसके चेयरमैन जय शाह के नेतृत्व की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि जय शाह के गतिशील नेतृत्व में महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है।

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में रिकॉर्ड 28,000 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी रही। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के घरेलू मैदान पर अजेय रिकॉर्ड का भी अंत कर दिया। यह ऑस्ट्रेलिया का कुल 14वां महिला विश्व कप खिताब भी है, जिसमें वनडे और टी20 विश्व कप दोनों की ट्रॉफियां शामिल हैं।

देवजीत सैकिया ने कहा कि लॉर्ड्स में दर्शकों की भीड़ खेल की बढ़ती लोकप्रियता और आगे आने वाले रोमांचक भविष्य का एक मजबूत सबूत है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ग्लोबल स्टेज पर महिला क्रिकेट की जबरदस्त बढ़त देखकर बहुत खुशी हुई। चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए लॉर्ड्स में खचाखच भरा स्टेडियम इस बात का बेहतरीन सबूत है कि इस खेल ने कितनी लोकप्रियता हासिल की है और इसका भविष्य कितना रोमांचक है।”

उन्होंने आगे कहा, “महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और दुनिया भर में नई पीढ़ी के क्रिकेट प्रशंसकों को इस खेल से जोड़ने में अहम भूमिका निभाने के लिए मैं जय शाह के नेतृत्व में आईसीसी को बधाई देता हूं।” ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन खिताबी मुकाबले में शानदार रहा। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 150 रन लगाए। टीम की तरफ से कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने 151 रनों के लक्ष्य को महज 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम की ओर से बेथ मूनी ने 49 गेंदों में 64 रन बनाए, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 48 रनों का योगदान दिया।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Show More
Back to top button