आरसीबी बनाम एलएसजी: 46 पारियों के बाद 'डक' पर आउट हुए विराट कोहली


लखनऊ, 7 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ हो रही है। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

कोहली को एलएसजी के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन भेजा। विराट आईपीएल में 46 पारियों के बाद जीरो पर आउट हुए हैं। कोहली ‘डक’ पर आखिरी बार साल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आउट हुए थे। वहीं, रनों का पीछा करते हुए साल 2017 के बाद कोहली पहली बार जीरो पर आउट हुए हैं। 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चेज करते हुए कोहली बिना खाता खोले आउट हुए थे।

इससे पहले, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने एलएसजी को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। अर्शिन ने 24 गेंदों में 17 रन बनाए। वहीं, निकोलस पूरन ने 23 गेंदों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 रनों का योगदान दिया। मार्श और पूरन ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 70 रनों की शानदार साझेदारी निभाई।

मार्श ने एक छोर से अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी, और उन्होंने 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। मार्श ने 56 गेंदों का सामना करते हुए 111 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में मार्श ने 9 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए। अंत के ओवरों में एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने महज 10 गेंदों में 320 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए, 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए। एडेन मार्करम एक रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी के गेंदबाज इस मुकाबले में संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। जोश हेजलवुड ने 4 ओवर के स्पेल में 49 रन देकर एक विकेट निकाला। वहीं, रसिख सलाम ने 4 ओवर में 53 रन देकर एक विकेट चटकाया।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Show More
Back to top button