'बारिश और लाइटर', ऐसे बना था 'चिंगारी कोई भड़के' गीत, विशाल ददलानी ने सुनाया दिलचस्प किस्सा


मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के कई पुराने गाने आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखते हैं। इन्हीं गानों में एक नाम है ‘चिंगारी कोई भड़के’, इस गाने के पीछे छिपी कहानी भी उतनी ही खास है। हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के स्टेज पर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी ने इस गाने से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया।

शो के दौरान विशाल ददलानी ने ‘चिंगारी कोई भड़के’ गाने के बनने की कहानी सुनाई। विशाल ने कहा कि यह गाना मशहूर संगीतकार आर. डी. बर्मन (पंचम दा) और दिग्गज गीतकार आनंद बख्शी की शानदार सोच का नतीजा था। उन्होंने कहा, “पंचम दा ने पूरी रात मेहनत करके इस गाने की धुन तैयार की थी। जब धुन बनकर तैयार हो गई, तब उन्होंने इसे आनंद बख्शी को दिया ताकि वह इसके बोल लिख सकें।”

विशाल ने आगे कहा, ”उस समय बारिश का मौसम था। आनंद बख्शी रात में घर लौट रहे थे और रास्ते में सिगरेट जलाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बारिश की वजह से उनका लाइटर बार-बार बुझ जा रहा था। उसी छोटे से पल ने उनके दिमाग में एक बड़ी सोच पैदा कर दी। तभी उनके मन में लाइन आई – ‘चिंगारी कोई भड़के तो सावन उसे बुझाए।’ यही वह पल था, जहां से इस मशहूर गीत के शब्दों की शुरुआत हुई।”

विशाल ददलानी ने इस किस्से को सुनाते हुए कहा, ”असली कलाकार वही होते हैं, जो जिंदगी की साधारण घटनाओं को भी इतना खूबसूरत बना दें कि वह हमेशा के लिए लोगों के दिलों में बस जाए। एक आम इंसान शायद इस घटना को नजरअंदाज कर देता, लेकिन आनंद बख्शी जैसे गीतकार ने उसी पल को अमर गीत में बदल दिया। मेरा पंचम दा और आनंद बख्शी दोनों को सलाम है। उनकी बनाई रचनाएं आज भी लोगों को उतनी ही पसंद आती हैं जितनी पहले आती थीं।”

गौरतलब है कि ‘चिंगारी कोई भड़के’ साल 1972 में रिलीज हुई फिल्म ‘अमर प्रेम’ का मशहूर गीत है। इस फिल्म में सुपरस्टार राजेश खन्ना और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म और इसके गानों को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। खास तौर पर ‘चिंगारी कोई भड़के’ आज भी पुराने लोगों की फेवरेट लिस्ट में शामिल है। इस गाने को महान गायक किशोर कुमार ने गाया था।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Show More
Back to top button