राहुल गांधी पॉलिटिकल एम्नेशिया से ग्रस्त हैं: पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पॉलिटिकल एम्नेशिया से ग्रस्त हैं और तथ्यों की बजाय प्रचार को तरजीह देते हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में पीयूष गोयल ने कहा कि जिस कोएम्प्ट एडुटेक प्राइवेट लिमिटेड को राहुल गांधी आज विवादित बता रहे हैं, उसी कंपनी को कांग्रेस शासित तेलंगाना और कर्नाटक की संस्थाओं द्वारा कई परियोजनाएं सौंपी गई थीं।

गोयल ने दावा किया कि कंपनी के साथ बेंगलुरु सिटी यूनिवर्सिटी (कर्नाटक) ने नवंबर 2025 में, कालोजी नारायण राव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (तेलंगाना) ने सितंबर 2024 में, आदिकवि श्री महर्षि वाल्मीकि यूनिवर्सिटी, रायचूर ने मार्च 2024 में तथा कर्नाटक यूनिवर्सिटी, धारवाड़ ने जून 2023 में समझौते या कार्यादेश जारी किए थे। उन्होंने यह भी कहा कि तेलंगाना स्टेट हेल्थ यूनिवर्सिटी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कंपनी के कार्यों की सराहना की है।

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से दो सवाल पूछते हुए कहा कि यदि यह कंपनी वास्तव में संदिग्ध है, तो क्या वह तेलंगाना और कर्नाटक के कांग्रेस मुख्यमंत्रियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाएंगे और उनके इस्तीफे की मांग करेंगे? उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या कांग्रेस सरकारों ने इन समझौतों पर बिना जांच-पड़ताल के हस्ताक्षर किए थे या फिर वर्तमान विरोध केवल केंद्र सरकार को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।

पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक पुराना पैटर्न रहा है, जिसमें बिना सबूत आरोप लगाए जाते हैं और तथ्यों के सामने आने पर साजिश के सिद्धांतों का सहारा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश अब इस तरह के “चयनात्मक आक्रोश” से आगे बढ़ चुका है।

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधा था, जिस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी को घेरा है।

–आईएएनएस

डीएससी


Show More
Back to top button