प्रधानमंत्री मोदी ने काशी के विकास के लिए कई बड़े काम किए: दिनेश शर्मा


लखनऊ, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे और विकास कार्यों के उद्घाटन की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने काशी में विकास के लिए कई बड़े काम किए हैं और वहां की महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जल्द ही हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं, जो राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

दिनेश शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि पिछली सरकारों ने देश की आधी आबादी यानी महिलाओं के साथ न्याय नहीं किया, जिसके कारण देश की प्रगति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए महिला आरक्षण बिल सरकार की प्राथमिकता रहा है।

उन्होंने विपक्षी दलों, विशेष रूप से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि वे महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं हैं। उनके अनुसार, जहां महिलाएं सशक्त होती हैं, वहां राष्ट्र भी उतना ही प्रगतिशील होता है, और वर्तमान में केंद्र व राज्य की सरकारें विकास के इसी मॉडल पर काम कर रही हैं।

इसके अलावा, दिल्ली के जामिया में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम ‘युवा कुंभ’ के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है, लेकिन कुछ लोग इसका विरोध कर युवाओं की भूमिका को सीमित करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘युवा कुंभ’ जैसे कार्यक्रमों में विभिन्न वर्गों के युवाओं को अवसर मिलता है और यह प्रतिभाओं को सामने लाने का मंच है। उनके अनुसार, आरएसएस का मूल उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है और इसमें किसी भी धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Show More
Back to top button