सतना में युवती के हाथ-पैर बंधे मिलने से हड़कंप, पुलिस कर रही जांच


सतना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के कैमा इलाके में एक युवती के घायल अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल, युवती की पहचान, घटना के कारणों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने कैमा गांव के पास एक युवती को बेहोशी और घायल अवस्था में पड़े देखा। उसके हाथ-पैर बंधे होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

मामले पर जानकारी देते हुए सतना के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि यह घटना कोलगवां थाना क्षेत्र की है। उन्होंने कहा कि डायल 112 को सूचना मिली थी कि कैमा गांव के पास एक युवती घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में युवती के हाथ-पैर बंधे हुए पाए गए हैं और वह घायल भी है।

सीएसपी ने बताया कि युवती का प्राथमिक उपचार जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में महिला पुलिस अधिकारी भी पहुंच चुकी हैं, ताकि युवती की हालत में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज किया जा सके। पुलिस का कहना है कि बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

पुलिस फिलहाल युवती की पहचान करने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि उसे वहां किस परिस्थिति में छोड़ा गया और उसके साथ किस प्रकार की आपराधिक घटना हुई है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम


Show More
Back to top button