पीएम मोदी-ट्रंप की बैठक से भारत-अमेरिका संबंधों को नई मजबूती: मितेश पटेल


कुर्सियांगस, 18 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठक को भाजपा सांसद मितेश पटेल ने भारत-अमेरिका संबंधों के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि करीब 16 महीने बाद दोनों नेताओं की मुलाकात होने जा रही है, जिससे दोनों देशों के कूटनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई दिशा मिल सकती है।

मितेश पटेल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और प्रभाव लगातार बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले और उसके बाद के भारत में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले का भारत और आज का भारत पूरी तरह अलग है। आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी को सुनना चाहती है, उन्हें देखना चाहती है और यह जानने के लिए उत्सुक रहती है कि वैश्विक मुद्दों पर भारत की क्या भूमिका होगी। भारत ने विश्व मंच पर एक ऐसा स्थान बना लिया है, जहां उसके बिना किसी बड़े वैश्विक निर्णय की कल्पना करना कठिन है।

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें भारत को वैश्विक परिस्थितियों के कारण मजबूर बताया जाता है। पटेल ने कहा कि भारत किसी मजबूरी में नहीं बल्कि मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है और यही कारण है कि दुनिया भारत की ओर आशा और भरोसे के साथ देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसका उद्देश्य वैश्विक आर्थिक विकास, रणनीतिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय शांति को भी बढ़ावा देना होगा। उनके मुताबिक, दोनों नेता वर्तमान वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करेंगे और ऐसी रणनीति तैयार करेंगे जिससे दोनों देशों के साथ-साथ विश्व समुदाय को भी लाभ मिल सके।

मितेश पटेल ने आगे कहा कि भारत-अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में यह बैठक अहम साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी नए भारत की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं और अमेरिका के साथ होने वाले विभिन्न समझौतों तथा सहयोग के मुद्दों पर भारत किसी भी स्तर पर पीछे नहीं है। भारत अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए दुनिया की प्रमुख शक्तियों के साथ संतुलित और मजबूत संबंध स्थापित कर रहा है।

भाजपा सांसद ने आतंकवाद के मुद्दे को भी बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं। उनका मानना है कि दुनिया के सामने मौजूद आतंकवादी चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए प्रमुख लोकतांत्रिक देशों का एकजुट होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता विश्व में शांति, आर्थिक स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने के इच्छुक हैं। पटेल के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच बढ़ता सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि वैश्विक व्यवस्था के लिए भी सकारात्मक संदेश देगा।

भाजपा सांसद ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की यह मुलाकात भारत-अमेरिका संबंधों को नई गति देगी तथा व्यापार, निवेश, सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी सहयोग जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करेगी।

–आईएएनएस

पीएसके


Show More
Back to top button