कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए चुने गए यात्रियों ने जताई खुशी, खुद को बताया सौभाग्यशाली


नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए चुने गए यात्रियों ने अपनी खुशी जाहिर की है। यात्रियों का कहना है कि भगवान शिव ने उन्हें अपने धाम बुलाया है। उन्होंने इस अवसर को अपने जीवन का सौभाग्य बताया।

लखनऊ के रहने वाले और फिलहाल नोएडा में निवास कर रहे आशीष खन्ना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे और उनकी पत्नी दोनों का नाम लकी ड्रॉ में आया है। उन्होंने बताया, “मैं बहुत खुशकिस्मत महसूस कर रहा हूं। करीब सौ लोगों में से महादेव ने हमें चुना है। मैं और मेरी पत्नी दोनों को यह अवसर मिला है। हम खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं।”

आशीष की पत्नी बागिशाली ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वे और उनके पति लंबे समय से इस यात्रा का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, “हर हर महादेव। महादेव ने हमें बुलावा दिया है। हम बहुत समय से इसके लिए प्रयास कर रहे थे।”

दिल्ली के अमित वर्मा ने बताया कि वे वेटिंग लिस्ट में थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का नियम है कि जो यात्री पहले यात्रा कर चुके हैं, उन्हें सीधे कन्फर्म नहीं किया जाता। अगर कोई जगह खाली होती है, तो वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को मौका दिया जाता है। अमित वर्मा ने सरकार की सराहना करते हुए कहा, “सरकार यात्रा को बहुत सुंदर और अच्छे तरीके से आयोजित करती है। हम उम्मीद करते हैं कि वेटिंग लिस्ट वालों को भी जल्दी मौका मिले। ओम नमः शिवाय।”

भूषण शर्मा ने भगवान शिव का विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने उन्हें फिर से अपने धाम में बुलाने की कृपा की है। उन्होंने विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री का भी आभार व्यक्त किया। भूषण शर्मा ने कहा, “विदेश मंत्रालय ने बहुत प्रेम और सत्कार के साथ हमारा स्वागत किया। मैं प्रियंशु जी और सचिन कौशिक जी का भी विशेष धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने इस पूरे कार्यक्रम को इतने श्रद्धापूर्वक और प्रेम से आयोजित किया। उन्होंने हमें भगवान शिव के कैलाश मानसरोवर जाने का एक और अवसर दिया है।”

भूषण शर्मा ने मीडिया का भी शुक्रिया अदा किया और कहा कि प्रेस ने इस कार्यक्रम को एक बड़े और सफल आयोजन में बदल दिया।

चुने गए सभी यात्रियों ने इस यात्रा को जीवन का एक यादगार और पवित्र अनुभव बताया। उन्होंने भगवान शिव की कृपा और सरकार के प्रयासों को सराहा। कैलाश मानसरोवर यात्रा आध्यात्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है और हर साल हजारों श्रद्धालु इसमें शामिल होने के लिए उत्सुक रहते हैं।

–आईएएनएस

एसएचके/वीसी


Show More
Back to top button