पेड्डी के निर्देशक का खुलासा, फिल्म के लिए राम चरण ने तीन से चार महीने तक कुश्ती का लिया प्रशिक्षण


हैदराबाद, 3 जून (आईएएनएस)। बहुप्रतीक्षित ग्रामीण खेल पर आधारित ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ के निर्देशक बुची बाबू सना ने खुलासा किया है कि मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता राम चरण ने फिल्म के लिए तीन से चार महीने तक कुश्ती का प्रशिक्षण लिया था। इसके लिए उन्होंने उस प्रशिक्षक को नियुक्त किया था, जिसने फिल्म ‘दंगल’ में अभिनेता आमिर खान को प्रशिक्षित किया था।

मीडिया से बातचीत के दौरान बुची बाबू सना से खेल पर आधारित इस फिल्म के लिए बरती गई सावधानियों के बारे में पूछा गया। इस सवाल का जवाब देते हुए निर्देशक ने कहा, “क्रिकेट तो हम सब जानते ही हैं। लेकिन कुश्ती के मामले में हमने खास ध्यान रखा। हमने उस प्रशिक्षक को बुलाया जिसने फिल्म ‘दंगल’ में आमिर खान को प्रशिक्षण दिया था। हमने तेलंगाना के पहलवानों को भी टीम में शामिल किया। हमने सभी कलाकारों को विशेष प्रशिक्षण दिया। राम चरण ने इस फिल्म के लिए करीब तीन से चार महीने तक कुश्ती का विशेष प्रशिक्षण लिया।”

बता दें कि फिल्म निर्माताओं द्वारा हाल ही में जारी किए गए ट्रेलर से ऐसा लग रहा है कि राम चरण फिल्म में क्रिकेट और कुश्ती सहित तीन खेलों में निपुण किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 4 जून को विश्व स्तर पर रिलीज होने वाली है, और इसकी घोषणा के बाद से ही लोगों में काफी उत्साह है।

फिल्म की शूटिंग इस साल 1 मई तक पूरी हो चुकी थी। निर्देशक बुची बाबू सना की बहुप्रतीक्षित ग्रामीण एक्शन ड्रामा ‘पेड्डी’ के कैमरामैन, जाने-माने छायाकार रत्नवेलु ने सबसे पहले शूटिंग पूरी होने की घोषणा की थी।

1 मई की सुबह-सुबह अपने एक्स अकाउंट पर सिनेमैटोग्राफर रत्नवेलु ने लिखा, “मेगा पावर स्टार राम चरण की शूटिंग पूरी हो गई! पेड्डी – एक यादगार सफर। राम चरण के साथ काम करना वाकई खास रहा। पर्दे पर एक दमदार कलाकार और असल जिंदगी में एक बेहतरीन दोस्त। हमने साथ मिलकर जो यादें बनाई हैं, उनके लिए आभारी हूं।”

अपने इंस्टाग्राम पेज पर रत्नवेलु लिखा था, “राम चरण के साथ काम करना बेहद प्रेरणादायक रहा है, वे न सिर्फ एक शानदार अभिनेता हैं, जो हर फ्रेम में जोश और बारीकी भर देते हैं, बल्कि पर्दे के बाहर भी एक सच्चे और भरोसेमंद दोस्त हैं। उनके साथ शूटिंग के इस आखिरी दिन, मैं न सिर्फ बेहतरीन दृश्य, बल्कि ढेर सारी यादें भी अपने साथ ले जा रहा हूं। हमने साथ मिलकर जो जादू बिखेरा, उसके लिए और आगे आने वाले कई और सफरों के लिए शुभकामनाएं।”

फिल्म में जाह्नवी कपूर मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं। वरिष्ठ कलाकार शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाते नजर आएंगे। फिल्म को उद्योग के कुछ बेहतरीन लोगों का समर्थन प्राप्त है। आर रत्नवेलु ने कैमरा संभाला है, नवीन नूली ने फिल्म का संपादन किया है और अविनाश कोल्ला ने फिल्म के विशाल और विस्तृत सेट डिजाइन किए हैं।

–आईएएनएस

ओपी/एएस


Show More
Back to top button