महत्वाकांक्षा और लालच की कहानी : रिलीज को तैयार परमवीर सिंह चीमा-रणवीर शौरी स्टारर ‘द पिरामिड स्कीम’


मुंबई, 25 मई (आईएएनएस)। अभिनेता परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन नई ड्रामा सीरीज लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज महत्वाकांक्षा, लालच और जल्दी अमीर बनने के सपनों पर आधारित है। ड्रामा सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ के मेकर्स ने रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है।

अपकमिंग ड्रामा सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ 5 जून को प्राइम वीडियो पर प्रीमियर के लिए तैयार है।

‘द पिरामिड स्कीम’ की कहानी सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हरिद्वार शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी गोल्डी नाम के एक मेहनती और आकर्षक व्यक्तित्व के धनी युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बेहतर जीवन की तलाश में है। बेहतर भविष्य की उम्मीद में वह पिरामिड मार्केटिंग की चकाचौंध भरी दुनिया में फंस जाता है। जैसे-जैसे वह जमीन से जुड़े और ईमानदार मनोज श्रीवास्तव के साथ जुड़ता है, उसकी उम्मीदें लालच, महत्वाकांक्षा और धोखे भरी अंधेरी दुनिया में बदलने लगती हैं।

सीरीज में परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन के अलावा अंजन श्रीवास्तव, अल्फिया जाफरी, आशीष राघव, अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल, विजय कुमार, इंद्रेश मलिक, रवि भेल, सुशांत सिंह, सोनल झा और सदानंद पाटिल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इस प्राइम ओरिजिनल सीरीज को ‘द वायरल फीवर’ (टीवीएफ) ने तैयार किया है। वहीं, श्रेयांश पांडे इसके क्रिएटर हैं, जबकि आशीष आर. शुक्ला और श्रेयांश पांडे डायरेक्टर हैं।

मेकर्स के अनुसार, ‘द वायरल फीवर’ पहले ही ‘पंचायत’, ‘अस्पिरेंट्स’ और ‘ग्राम चिकित्सालय’ जैसी सफल और लोकप्रिय सीरीज बना चुका है। अब ‘द पिरामिड स्कीम’ 5 जून को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने के बाद भारत समेत दुनिया भर के दर्शकों का मनोरंजन करने वाली है।

द वायरल फीवर के प्रेसिडेंट विजय जोशी ने बताया, “इस सीरीज के जरिए हम महत्वाकांक्षा, पहचान की चाहत और पिरामिड स्कीम की दुनिया को दिखाना चाहते हैं। आमतौर पर स्क्रीन पर इस विषय को कम दिखाया जाता है।”

वहीं, प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग डायरेक्टर और हेड मनीष मेनघानी ने बताया, “यह सीरीज महत्वाकांक्षा और उम्मीदों को बहुत सहज और दिल से जुड़ने वाले अंदाज में पेश करती है। परमवीर सिंह चीमा का शानदार अभिनय, रणवीर शौरी और शेखर सुमन के दमदार किरदार कॉमेडी, ड्रामा और भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण लेकर आ रहे हैं।”

–आईएएनएस

एमटी/एएस


Show More
Back to top button