पाकिस्तान ने जारी किया पहला पांडा बॉन्ड, एआईआईबी और एडीबी ने दिया समर्थन

बीजिंग, 16 मई (आईएएनएस)। एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चीन में पाकिस्तान के पहले आरएमबी-मूल्यवर्गित पांडा बॉन्ड के सफल निर्गमन के लिए ऋण गारंटी प्रदान की।
यह बॉन्ड अपतटीय पूंजी बाजार में पाकिस्तान का पहला संप्रभु बॉन्ड भी है। इसकी कुल राशि 1.75 अरब आरएमबी है, परिपक्वता अवधि तीन वर्ष की है, और कूपन दर 2.5 प्रतिशत रखी गई है। इस बॉन्ड को उम्मीद से पांच गुना अधिक सदस्यता मिली। जुटाई गई धनराशि का उपयोग पाकिस्तान में सतत और जलवायु-लचीले हरित अवसंरचना विकास के लिए किया जाएगा। खासतौर पर जल, ऊर्जा और स्वच्छता क्षेत्रों में इस राशि से सहायता मिलेगी।
एआईआईबी और एडीबी द्वारा दी गई बिना शर्त और अपरिवर्तनीय आंशिक गारंटी से बॉन्ड की क्रेडिट रेटिंग मजबूत हुई है और निर्गमन लागत भी कम हुई है। यह कदम दिखाता है कि बहुपक्षीय सहयोग ढांचे के तहत अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थान विकासशील देशों को नए वित्तपोषण स्रोत उपलब्ध कराने में सकारात्मक भूमिका निभा रहे हैं। इस गारंटी व्यवस्था से निजी पूंजी निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह अंतरराष्ट्रीय पूंजी बाज़ार में पाकिस्तान के वित्तपोषण स्रोतों में विविधता लाने की रणनीति को भी समर्थन देगा।
एआईआईबी के मुख्य निवेश अधिकारी कॉन्स्टेंटिन लिमिटोव्स्की ने कहा कि यह बॉन्ड निर्गमन निजी पूंजी जुटाने और सदस्य देशों को नए वित्तपोषण समाधान उपलब्ध कराने में एआईआईबी की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पहले पांडा बॉन्ड को समर्थन देकर एआईआईबी सतत अवसंरचना वित्तपोषण तक उसकी पहुंच बढ़ाने और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बताया गया है कि यह परियोजना हरित अवसंरचना, प्रौद्योगिकी-आधारित अवसंरचना और निजी पूंजी जुटाने जैसे क्षेत्रों में एआईआईबी की व्यावसायिक प्राथमिकताओं के अनुरूप है। साथ ही, यह जलवायु लचीलापन, ऊर्जा दक्षता, जल सुरक्षा और बुनियादी सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने संबंधी पाकिस्तान की राष्ट्रीय विकास रणनीति का भी समर्थन करती है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
डीकेपी/