'कर्मों का फल भुगतना पड़ता है', अतीक अहमद के बेटे की मौत पर बोले भाजपा विधायक

लखनऊ/झांसी, 6 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उनके दोस्त सोनू की मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका झांसी में इलाज चल रहा है। इस हादसे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सब जानते हैं कि गाड़ी डिवाइडर से टकराई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। इस दुनिया में कोई व्यक्ति या उसके परिवार के सदस्य, जो भी काम करते हैं, उन्हें कभी न कभी अपने कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है।”
इस हादसे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा, “मुझे इस घटना के बारे में सोशल मीडिया से पता चला। मैंने देखा कि घटना के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। एक घायल व्यक्ति ने भी पुलिस के सामने बयान दिया। कुछ लोग ऐसे हैं जिनका काम हर घटना को विवादित बनाना है और उनकी मंशा हर मुद्दे पर बेवजह हंगामा खड़ा करना है। हालांकि, मेरा मानना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे झांसी जिले के पुंछ थाना क्षेत्र में हुआ। झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि पांच लोगों को लेकर एक तेज रफ्तार क्रेटा कार प्रयागराज की ओर जा रही थी। किसी कारण से ड्राइवर का नियंत्रण छूट गया और कार डिवाइडर से टकरा गई।
एसएसपी मूर्ति ने कहा, “इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू के रूप में हुई है। गाड़ी में सवार बाकी तीन लोगों, मोहम्मद जैद, उमर और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई हैं। तीनों का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।”
झांसी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन माहुर ने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, “तीनों मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उनमें से एक की उम्र 18 साल और दूसरे की लगभग 28 साल है। दोनों के हाथों में फ्रैक्चर है। तीसरे व्यक्ति के सिर में चोट और पैर में फ्रैक्चर है। तीनों अस्पताल में भर्ती हैं और आगे की जांच चल रही है। दो शवों को भी यहां लाया गया है और उनकी प्राथमिक चिकित्सा प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं।”
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी