विश्व चॉकलेट डे पर हर्षवर्धन राणे ने शेयर की बचपन की याद, दादी को दिया अपनी सफलता का क्रेडिट


मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व चॉकलेट डे के मौके पर अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने अपने बचपन की एक प्यारी याद प्रशंसकों के साथ शेयर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनकी दादी उन्हें चॉकलेट देती नजर आ रही हैं। तस्वीर में परिवार का एक अन्य बुजुर्ग सदस्य भी दिखाई दे रहा है।

इस तस्वीर के साथ हर्षवर्धन ने मजाकिया अंदाज में मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि जब उन्हें यह भी नहीं पता था कि मनोविज्ञान में ‘ऑपेरेंट कंडीशनिंग’ क्या होती है, तब भी वे अनजाने में उसे अपनी जिंदगी में जी रहे थे।

थ्रोबैक फोटो शेयर करते हुए, हर्षवर्धन ने लिखा, “हैप्पी वर्ल्ड चॉकलेट डे। इससे पहले कि मुझे पता चलता कि ‘ऑपरेन्ट कंडीशनिंग’ का क्या मतलब है (साइकोलॉजी में), मैं पहले से ही इसे जी रहा था।

उन्होंने आगे लिखा कि मनोविज्ञान के अनुसार, किसी अच्छे काम के बदले मिलने वाला इनाम उस व्यवहार को मजबूत करता है। शायद दादी से मिली इस चॉकलेट की वजह से ही उनके अंदर अपने लक्ष्य हासिल करने की आदत बचपन से ही बन गई। उन्होंने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि उनकी दादी बिना जाने ही एक व्यवहार विशेषज्ञ (बिहेवियरल साइकोलॉजिस्ट) की तरह काम कर रही थीं।

हर्षवर्धन की यह पोस्ट उनके मनोविज्ञान में बढ़ते रुचि को भी दिखाती है। वह इन दिनों फिल्मों में काम करने के साथ-साथ मनोविज्ञान में बीए (ऑनर्स) की पढ़ाई भी कर रहे हैं।

कुछ समय पहले उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह पढ़ाई और वर्कआउट करते नजर आए थे। उन्होंने बताया था कि परीक्षा की तैयारी के दौरान वह हर दिन तीन घंटे ट्रेनिंग और छह घंटे पढ़ाई करते हैं। उस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “3 घंटे ट्रेनिंग… 6 घंटे पढ़ाई… अगली परीक्षा 22 तारीख को और अगली शूटिंग 30 तारीख को।”

अगर पेशेवर जीवन की बात करें तो हर्षवर्धन राणे फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ से दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके हैं। वह ‘एक दीवाने की दीवानियत’ में भी दर्शकों को अपने अभिनय से प्रभावित कर चुके हैं। फिलहाल वह अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ फिल्म ‘फोर्स 3’ की शूटिंग कर रहे हैं।

फिल्मों के अलावा हर्षवर्धन को वन्यजीव फोटोग्राफी का भी काफी शौक है। वह अक्सर प्रकृति और जानवरों के बीच समय बिताते हुए अपनी तस्वीरें और अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।

–आईएएनएस

एएस/


Show More
Back to top button