सपा के नवनिर्वाचित सांसदों ने कहा, पीडीए के लिए आवाज उठाएंगे


लखनऊ, 8 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों की लखनऊ में शनिवार को बैठक हुई। इस बैठक में सपा मुखिया अखिलेश यादव मौजूद रहे। इस लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए यूपी में 37 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की है।

आजमगढ़ से सपा के टिकट पर चुने गए सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि इस बड़ी जीत के लिए सपा कार्यकर्ताओं, नेताओं और क्षेत्र की जनता का धन्यवाद और आभार। इसके साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव जी का विशेष धन्यवाद करता हूं। अयोध्या के लोगों को धन्यवाद देता हूं। वहां के लोगों ने समाजवादी पार्टी को जो आशीर्वाद दिया है, उसके लिए उनका अभारी हूं।

वहीं मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा सांसद चुनी गई प्रिया सरोज ने कहा कि ये जो जीत है वह जनता की जीत है, मेरी जीत नहीं है। ये संविधान की जीत है। जब सदन में जाएंगे तो पीडीए के लिए आवाज उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि हम लोग तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बने हैं और विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेंगे। हम धर्म की राजनीति नहीं करते, हम विकास की राजनीति करते हैं। हम सब लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित कैराना लोकसभा सीट से सांसद इकरा हसन ने कहा कि भाजपा के खिलाफ इस लड़ाई में हम लोग साथ हैं। इस लड़ाई को आगे तक लेकर जाना है। क्षेत्र के आवाम का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे मौका दिया। इस बैठक में हम लोगों ने एक दूसरे को बाधाई दी। हमारी पार्टी लोकसभा में तीसरी बड़ी पार्टी है। पीडीए और समाजिक न्याय के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे। हम और हमारी पार्टी महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

कौशांबी लोकसभा सीट से सांसद चुने गए पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि हम सभी चुने हुए सांसद जनता के मुद्दे को संसद में जोरदार तरीके से उठाने का काम करेंगे। क्षेत्र की जनता ने हम लोगों पर जो भरोसा जताया है, हम लोग उनकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक समेत तमाम मुद्दे हैं। जिनको लेकर हम लोग सड़क से लेकर संसद तक अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

मुरादाबाद सीट से नवनिर्वाचित सांसद रुचि वीरा ने कहा कि आज हम फार्मल मीटिंग के लिए आए थे। सभी सांसदों का एक दूसरे से परिचय हुआ। सपा की इतनी बड़ी जीत के लिए मैं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और जनता का आभार जताती हूं।

–आईएएनएस

एकेएस/एसकेपी


Show More
Back to top button