उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर को नई उड़ान, 4,850 करोड़ की हाईवे परियोजनाओं का होगा शुभारंभ


उन्नाव, 13 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे परियोजना का सोमवार को औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। उन्नाव के पड़री स्थित झाऊखेड़ा रेस्ट एरिया में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। लोकार्पण के साथ ही यह हाईस्पीड एक्सप्रेस-वे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, “जब सड़कें बेहतर होती हैं, तब दूरी घटने के साथ-साथ विकास की गति बढ़ती है, निवेश के नए द्वार खुलते हैं और जनजीवन में नई संभावनाओं का संचार होता है। इसी विचार को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के कर कमलों द्वारा आज 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास होगा। ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश में आधुनिक अवसंरचना, सुगम आवागमन और तीव्र आर्थिक प्रगति के नए अध्याय की आधारशिला सिद्ध होंगी।”

लोकार्पण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पंकज चौधरी और अजय टम्टा भी शामिल होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मंत्री राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, अजीत सिंह पाल और प्रतिमा शुक्ला सहित कई मंत्री तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, उन्नाव में लगभग 25 मिनट रुकने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना होंगे। इसके बाद सरोजनीनगर में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना का औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। इस दौरान तीनों नेता भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और एनएचएआई ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम


Show More
Back to top button