सुनेत्रा पवार पर टिप्पणी को लेकर एनसीपी का कांग्रेस पर हमला, सार्वजनिक माफी की मांग

लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की उत्तर प्रदेश इकाई ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इसे महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक बताते हुए कांग्रेस के केंद्रीय और महाराष्ट्र नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
एनसीपी उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव आनंद सिंह ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हरिश्चंद्र के नेतृत्व में इस कथित अमर्यादित टिप्पणी का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि किसी सम्मानित महिला जनप्रतिनिधि के लिए ‘गूंगी गुड़िया’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल न केवल उनकी व्यक्तिगत गरिमा पर आघात है, बल्कि देश की समूची महिला शक्ति का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। इस तरह की टिप्पणियां सार्वजनिक जीवन में शालीनता के मानकों को कमजोर करती हैं। आनंद सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने ही राजनीतिक इतिहास को भूल चुकी है। उनका कहना था कि जिस प्रकार की भाषा का कभी कांग्रेस स्वयं विरोध करती रही, आज उसी भाषा का इस्तेमाल उसके नेता राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हताशा में कांग्रेस मर्यादा की सीमाएं लांघ रही है। एनसीपी की उत्तर प्रदेश इकाई ने मांग की कि कांग्रेस का केंद्रीय और महाराष्ट्र नेतृत्व इस कथित टिप्पणी के लिए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा देश की महिलाओं से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगे। पार्टी ने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो महिला सम्मान और महिला सशक्तीकरण को लेकर कांग्रेस के दावे केवल राजनीतिक नारे बनकर रह जाएंगे।
बताया जा रहा है कि यह विवाद महाराष्ट्र के बीड जिले में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के दौरे के दौरान शुरू हुआ। सुनेत्रा पवार जिले की प्रभारी मंत्री हैं। दौरे के दौरान मीडिया ने उनसे जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल पूछा था। उसी समय वहां मौजूद पूर्व मंत्री उन्हें जवाब देने से रोक दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाद में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ बताया और सवाल उठाया कि उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब क्यों नहीं दिया।
इस टिप्पणी के बाद राज्य की राजनीति में विवाद गहरा गया और महायुति के नेताओं के साथ एनसीपी ने भी कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर हर्षवर्धन सपकाल ने सफाई देते हुए कहा कि ‘गूंगी गुड़िया’ शब्द का इस्तेमाल अतीत में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के संदर्भ में भी किया गया था और उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी महिला का अपमान करना नहीं था।
–आईएएनएस
विकेटी/एएस