मुजफ्फरपुर: डीएम और एसएसपी ने खुदीराम बोस केंद्रीय कारा का अचानक निरीक्षण किया

मुजफ्फरपुर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के डीएम सुब्रतो कुमार सेन और एसएसपी कांतेश मिश्रा ने शुक्रवार को खुदीराम बोस केंद्रीय कारा का अचानक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में जेल प्रशासन की व्यापक छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी के साथ जिला प्रशासन और पुलिस के करीब दो दर्जन वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। टीम में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार, टाउन एसपी डॉ. सुरेश कुमार, सीडीपीओ विनीता सिंह, डीएसपी एसी ज्ञानी, डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक कुमार, डीएसपी अलय कुमार और मितानपुरा थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
जेल पहुंचने पर जेल सुपरिंटेंडेंट और जेलर ने डीएम और एसएसपी को बारी-बारी से जेल के सभी वार्डों और सेलों का निरीक्षण कराया। अधिकारियों ने जेल के हर हिस्से का गहन जायजा लिया। उन्होंने कैदियों द्वारा किए जा रहे कामों को भी देखा और जेल में चल रही भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
डीएम सुब्रतो कुमार सेन और एसएसपी कांतेश मिश्रा ने जेल के अंदर की स्थिति को बेहतर बनाने पर खास जोर दिया। उन्होंने जेल सुपरिटेंडेंट को सख्त निर्देश दिए कि बाहर से कोई भी अवांछित सामान जेल के अंदर न आने पाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस नियम का उल्लंघन हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों की सुविधाओं और अनुशासन को मजबूत करना था। अधिकारियों ने जेल में साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और कैदियों की दैनिक दिनचर्या पर भी नजर रखने के निर्देश दिए।
जेल प्रशासन को यह साफ संदेश दिया गया कि कोई भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम और एसएसपी ने जेल सुपरिटेंडेंट को कहा कि वे नियमित रूप से जेल की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
–आईएएनएस
एमएस/