मुंबई: 15 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार


थाणे, 21 जून (आईएएनएस)। मुंबई से सटे थाणे से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक 15 साल की लड़की के साथ दुराचार करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पड़ोसियों की सतर्कता से बच्ची की जान बच सकी और दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मामला ठाणे के कल्याण इलाके का है। दो आरोपियों पर आरोप है कि वह एक 15 साल की नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर अपने घर ले गए और फिर उसके साथ रेप किया। पड़ोसियों ने जब बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इनके चंगुल से बचाया।

ठाणे की कोलसेवाड़ी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अख्तर मनियार और सलीम शेख के तौर पर हुई है। आरोपी अख्तर मनियार कल्याण में चाय की दुकान चलाता है, जबकि दूसरा आरोपी शेख ऑटो रिक्शा चालक है।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग पीड़िता कबाड़ बीनने का काम करती है। अख्तर मनियार ने इस नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर अपने घर पर बुलाया। जब पीड़िता उसके घर के अंदर आ गई तो उसने अपने दोस्त सलीम शेख को भी बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया.

यह चौंकाने वाली घटना रविवार की सुबह उस वक्त सामने आई, जब आरोपी मनियार के घर से बच्ची के रोने और चिल्लाने की आवाज पड़ोसियों को सुनाई दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी।

मौके पर पहुंची कोलसेवाड़ी पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर बच्ची को अपने कब्जे में लिया और मेडिकल के लिए उसे अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही, दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया गया। घटना को लेकर क्षेत्र की जनता में आक्रोश है, और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button